Thu. Jul 2nd, 2026

मुंबई पानी-पानी: मूसलाधार बारिश से सड़कें बनीं झील, लोगों की बढ़ीं मुश्किलें

Navi Mumbai: Commuters wade through a waterlogged road following heavy rainfall, in Dadar area, Navi Mumbai, Tuesday, Aug. 19, 2025. (PTI Photo/Kunal Patil)(PTI08_19_2025_000101B)

Mumbai Rainfall Update: मुंबई में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई जगहों पर सड़कें घुटनों तक पानी में डूबी हुई हैं। अंधेरी का सबवे जलमग्न है। रेलवे ट्रैक भी पानी में डूबे हुए हैं। निचले इलाकों में घरों में पानी घुस गया है। कई जगहों से आ रही तस्वीरों में सड़कें झीलों में तब्दील होती दिख रही हैं, जिन पर कारें और छोटे वाहन तैर रहे हैं। दादरी रेलवे स्टेशन पर पानी पटरियों तक पहुंच गया है। कई सबवे जलमग्न हैं। इस बीच, मौसम विभाग ने मुंबई, रायगढ़, पालघर और ठाणे में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

सायन के कमला नगर में जलभराव, घरों में घुसा गटर का पानी

सायन के कमला नगर इलाके में कई घरों में पानी घुस गया है, जिससे निवासियों को काफी असुविधा हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन ने नालियों की ठीक से सफाई नहीं की है। सफाई न होने और पास में चल रहे निर्माण कार्य के कारण घरों में पानी भर गया है, जो पिछले चार दिनों से जारी है। घरों में सीवेज का पानी जमा होने से इलाके में गंभीर बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है।

विज़िबिलिटी कम होने से ट्रेन परिलाचन में भी देरी

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार सुबह भारी बारिश के कारण कम दृश्यता की वजह से मुंबई के सेंट्रल रेलवे नेटवर्क पर रेल सेवाएं देरी से चल रहीं। सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) के अनुसार, नेटवर्क के कई हिस्सों में कम दृश्यता के कारण ट्रेनें देरी से चल रही थीं। सीपीआरओ ने बताया कि हार्बर लाइन और मेन लाइन पर सेवाएं लगभग 5 से 10 मिनट की देरी से चल रही थीं।गुरुवार को सुबह से ही शहर में हुई भारी बारिश के कारण मुंबई के कई इलाकों में भारी जलजमाव हो गया, जिससे ट्रैफिक बाधित हुआ और आम जनजीवन प्रभावित हुआ। अंधेरी, कुर्ला ईस्ट, SG बर्वे रोड, सिंधी सोसाइटी, चेंबूर, किंग्स सर्कल और गांधी मार्केट इलाकों की तस्वीरों में सड़कों पर पानी भरा हुआ दिखा, जिससे गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई।

लगातर तीसरे दिन भी बारिश

दरअसल, मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार तीसरे दिन भी बारिश जारी है। इसके चलते कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मुंबई और उसके उपनगरों में तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। पिछले 24 घंटों में शहर में हुई भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, 1 जुलाई की सुबह 8 बजे से 2 जुलाई की सुबह 6 बजे तक मुंबई शहर में 134 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 164 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 149 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मीठा नगरपालिका में सबसे अधिक 218 मिमी बारिश

बीएमसी के अनुसार, पूर्वी उपनगरों में सबसे अधिक वर्षा मुलुंड के मीठा नगर पालिका विद्यालय क्षेत्र में 218.6 मिमी दर्ज की गई। एस वार्ड कार्यालय क्षेत्र में 212 मिमी, उसके बाद पवई के पासपोली नगर पालिका विद्यालय क्षेत्र में 208.4 मिमी, गवनपाड़ा अग्निशमन केंद्र क्षेत्र में 205.8 मिमी और मानखुर्द अग्निशमन केंद्र क्षेत्र में 200 मिमी वर्षा हुई।

गरज-चमक के साथ बरिश और आंधी की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई शहर और उपनगरों के लिए आंधी, बिजली गिरने, 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने लोगों से इस खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने अपील की है।

अपीलः बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से निकले

इस बीच, पालघर जिले के वसई-विरार, नालासोपारा और अन्य इलाकों में बुधवार रात से लगातार भारी बारिश हो रही है। गुरुवार सुबह भी आसमान में काले बादल छाए रहे और कई इलाकों में बारिश जारी रही। रेड अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है और जिले भर के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने और सावधानी बरतने की अपील की है।

सांताक्रूज में 216, अंधेरी में 204 मिमी बारिश

पश्चिमी उपनगरों में सांताक्रूज सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। एसडब्ल्यूएम सांताक्रूज वर्कशॉप में 216 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि नारियलवाड़ी स्कूल में 214.4 मिमी बारिश हुई। वहीं, अंधेरी फायर स्टेशन में 204 मिमी, कूपर अस्पताल में 193.2 मिमी और के-वेस्ट वार्ड कार्यालय में 192.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया और कुछ जगहों पर यातायात बाधित हो गया। प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है। मुंबई शहर क्षेत्र में जी-साउथ वार्ड कार्यालय में 187.8 मिमी, एफ-साउथ वार्ड कार्यालय में 179 मिमी, एफ-नॉर्थ वार्ड कार्यालय में 175 मिमी, वडाला स्थित बी. नाडकर्णी पार्क नगर पालिका स्कूल में 173.6 मिमी और वर्ली के आदर्श नगर स्कूल में 172.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। (एजेंसी)

About The Author