Thu. Oct 1st, 2026

मुंबई से दिल्ली जंतर-मंतर तक चक्का जाम की चेतावनी: CEC के खिलाफ सड़क पर उतरी CJP, महा-आंदोलन का ऐलान

मुंबई। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और SIR को लेकर उपजे राष्ट्रव्यापी विवाद के बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने गुरुवार को मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऐलान किया कि शुक्रवार से मुंबई में व्यापक जन-आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक यह लड़ाई मुंबई से लेकर देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर तक अनवरत जारी रहेगी।

13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाने का दावा, रखीं 3 प्रमुख मांगें

अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम अवैध रूप से हटाए गए हैं, जिसके खिलाफ आम जनता को सड़क पर उतारा जाएगा। उन्होंने सीजेपी की तीन प्रमुख मांगें सामने रखीं— पहली, एसआईआर की प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगे और वर्ष 2025 की वोटर लिस्ट के आधार पर ही निष्पक्ष चुनाव कराए जाएं। दूसरी, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आपराधिक मुकदमा दर्ज हो। तीसरी, चुनाव आयुक्तों के चयन की प्रक्रिया में निष्पक्षता के लिए चीफ जस्टिस और सिविल सोसाइटी की प्रत्यक्ष भागीदारी दोबारा बहाल की जाए।

पुलिस ने आजाद मैदान में नहीं दी अनुमति, शिवाजी पार्क गेट-6 पर जुटेंगे कार्यकर्ता

सीजेपी प्रमुख के अनुसार, 23 सितंबर को सामने आए प्रशासनिक खुलासों के बाद से ही पार्टी लगातार इस विषय पर जवाबदेही मांग रही है। मुंबई पुलिस द्वारा प्रशासनिक दिशानिर्देशों का हवाला देकर आजाद मैदान में प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने के बाद पार्टी ने आयोजन स्थल में बदलाव किया है। दीपके ने नागरिकों से अपील की है कि वे लोकतंत्र की रक्षा के लिए शुक्रवार को दादर स्थित शिवाजी पार्क के गेट नंबर 6 पर एकत्रित हों। गौरतलब है कि इससे पहले भी सीजेपी नीट पेपर लीक विवाद को लेकर दिल्ली में आक्रामक प्रदर्शन कर चुकी है।

About The Author