दिल्ली पहुंचीं जापान की पीएम ताकाइची, राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर से भव्य स्वागत
Japan PM Sanae Takaichi India Visit : भारत की अपनी पहली यात्रा पर जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची का राष्ट्रपति भवन में हार्दिक स्वागत किया गया। उन्होंने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। जापानी प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
भारत यात्रा पर अपने पोस्ट में जापानी प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी चर्चा में आर्थिक सुरक्षा और ऊर्जा सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल होंगे। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य जापान और भारत के बीच रणनीतिक सहयोग को गहरा करना, पारस्परिक रूप से पूरक सहयोग को बढ़ावा देना और वर्तमान अंतरराष्ट्रीय स्थिति को देखते हुए जापान-भारत विशेष रणनीतिक वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करना होगा।”
![]()
भारत की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान, सनाए ताकाइची प्रधानमंत्री मोदी के साथ उच्च स्तरीय वार्ता भी करेंगी। दोनों नेता 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। शिखर सम्मेलन के दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा, सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ऑटोमोबाइल, आपूर्ति श्रृंखला और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा सहित प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।ताकाइची ने विश्वास जताया कि भारत यात्रा से दोनों देशों के बीच आर्थिक, रणनीतिक और औद्योगिक सहयोग को नई गति मिलेगी तथा सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों की संयुक्त भागीदारी के जरिए एक मजबूत और टिकाऊ आर्थिक साझेदारी का निर्माण होगा।
गौरतलब है कि भारत और जापान के बीच संबंध बेहद मजबूत रहे हैं। जापान के दिवंगत प्रधानमंत्री शिंजो अबे के कार्यकाल के दौरान दोनों देशों के संबंधों में उल्लेखनीय सुधार हुआ। जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री की नई दिल्ली यात्रा के दौरान इन संबंधों के और मजबूत होने की उम्मीद है। (एजेंसी)

