Tue. Aug 11th, 2026

MP में 9 साल बाद होंगे छात्रसंघ चुनाव! प्रत्यक्ष प्रणाली से इलेक्शन कराने के संकेत, जानिए सरकार की क्या है तैयारी?

भोपाल। मध्य प्रदेश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रदेश में करीब नौ साल के लंबे अंतराल के बाद आखिरकार छात्रसंघ चुनाव कराने की हलचल तेज हो गई है। आगामी सितंबर महीने में प्रस्तावित छात्रसंघ चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल ने प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव कराने के बड़े संकेत दिए हैं।

प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव कराने की मांग तेज

हेमंत खंडेलवाल के अनुसार, सितंबर में छात्रसंघ चुनाव कराया जाना तय है, हालांकि चुनाव किस प्रणाली से होगा, इसका अंतिम निर्णय छात्र संगठनों से चर्चा के बाद लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही सभी प्रमुख छात्र संगठनों के साथ बैठक करेगी और सर्वसम्मत फैसला लेगी।

आपको बता दें कि प्रदेश के प्रमुख छात्र संगठन- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया दोनों ही लंबे समय से प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव कराने की पुरजोर मांग कर रहे हैं।

हाई कोर्ट के निर्देश के बाद एक्शन में उच्च शिक्षा विभाग

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में आखिरी बार छात्रसंघ चुनाव वर्ष 2017 में कराए गए थे। इसके बाद से ही छात्रसंघ चुनाव टलते आ रहे थे। हाल ही में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट द्वारा सितंबर माह में अनिवार्य रूप से चुनाव कराने के सख्त निर्देश दिए जाने के बाद उच्च शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है और चुनाव की प्रशासनिक तैयारियों में जुट गया है।

About The Author