Sat. Sep 26th, 2026

गणेश मंच बना मौत का फंदा: लोहे की ग्रिल में दौड़े करंट ने ली 4 युवकों की जान, CM ने किया मुआवजे का ऐलान

मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले के नैनपुर विकासखंड अंतर्गत हीरापुर गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गणेश विसर्जन के बाद पंडाल के मंच पर रात में सोए युवकों पर अचानक करंट का कहर टूट पड़ा। लोहे की ग्रिल में करंट प्रवाहित होने से चार नवयुवकों की मौके पर ही तड़पकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। एक युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

विसर्जन के बाद मंच पर ही सो गए थे युवक

ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की रात हीरापुर गांव में बड़े उत्साह के साथ भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा का विसर्जन संपन्न कराया गया था। देर रात तक आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे रहने के कारण थकान की वजह से करीब सात-आठ युवक मंच पर ही बिस्तर लगाकर सो गए। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे अचानक मौसम बदला और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन का तार टूटकर अथवा शॉर्ट सर्किट होकर मंच की लोहे की ग्रिल से छू गया।

नींद की आगोश में संभलने तक का नहीं मिला वक्त

तार के संपर्क में आते ही पूरी लोहे की ग्रिल में तेज करंट फैल गया। मंच पर सो रहे युवक जब तक कुछ समझ पाते या भागने की कोशिश करते, वे करंट की चपेट में आ चुके थे। मौके पर मची चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े और किसी तरह बिजली का संपर्क काटा। आनन-फानन में सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में तीन युवक भावरे समाज के बताए जा रहे हैं, जबकि एक युवक गांव के कोटवार का पुत्र है।

गंभीर रूप से झुलसे युवक का जबलपुर में इलाज जारी

हादसे में झुलसे दो युवकों में से एक की हालत सामान्य बताई जा रही है, जबकि दूसरे युवक की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही नैनपुर एसडीएम, एसडीओपी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना कर तकनीकी जांच शुरू करवाई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जताया गहरा दुख

इस भीषण हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर जारी संदेश में मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को संबल देने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि मृतकों के पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि तुरंत उपलब्ध कराई जाए और घायल युवकों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

About The Author