1700 करोड़ का फोरलेन, सोयाबीन रिसर्च सेंटर और वीरता पुरस्कारों में बड़ा इजाफा! मोहन कैबिनेट के फैसलों से MP की बदलेगी दशा
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मध्य प्रदेश कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि, सुरक्षा और जन-कल्याण से जुड़े कई ऐतिहासिक फैसलों पर मुहर लगी है। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कैबिनेट की बैठक के बाद निर्णयों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि सरकार ने राजधानी भोपाल को मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित करने और राज्य में विकास की गति को तेज करने के लिए कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी है।
1700 करोड़ के फोरलेन, सोयाबीन रिसर्च सेंटर को मंजूरी
बैठक में भोपाल को मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में 1700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से भोपाल-विदिशा फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। वहीं कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सीहोर जिले के इच्छावर में सोयाबीन रिसर्च सेंटर की स्थापना के लिए 20 हेक्टेयर भूमि निशुल्क आवंटित करने का निर्णय लिया गया है।
पुरस्कार राशि में बढ़ोत्तरी, दुग्ध उत्पादन 20% तक ले जाने की लक्ष्य
कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया है ‘रानी दुर्गावती पुरस्कार’ और ‘रानी अवंतिका बाई वीरता पुरस्कार’ की राशि को बढ़ाकर 2 लाख रुपये कर दिया जाए। औद्योगिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी फैसला लिया गया जिसमें प्रदेश के औद्योगिक संस्थानों की चाक-चौबंद सुरक्षा के लिए खंडवा जिले में विशेष औद्योगिक सुरक्षा बल का गठन होगा।
इसके अलावा कृषि वर्ष के रूप में मनाए जा रहे इस वर्ष में दुग्ध उत्पादन को तेजी से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
देवास हादसे की जांच समिति गठित
देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।

