पीएम मोदी से मिले ईरान सुरक्षा परिषद के उपसचिव, क्षेत्रीय सुरक्षा पर हुई अहम चर्चा
नई दिल्लीः ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के डिप्टी सेक्रेटरी डॉ. गदीर निजामीपुरने मंगलवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उन्होंने ब्रिक्स सदस्य देशों की सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक के बाद प्रधानमंत्री से मुलाकात की।
UAE के आरोपों को सिरे से किया खारिज
इससे पहले, ब्रिक्स (BRICS) सुरक्षा एजेंसियों और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की 16वीं बैठक में, गदीर ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के प्रतिनिधि द्वारा लगाए गए आरोपों को सख्ती से खारिज कर दिया। साथ ही, उन्होंने उन पर ईरान के खिलाफ अभियान में अमेरिका और इजराइल का पूरी तरह से समर्थन करने का आरोप भी लगाया।
UAE पर हमलों के लिए अमेरिका-इजरायल जिम्मेदार
निजामीपुर ने कहा, “इस इलाके में हालिया टकराव और उसके बाद बनी स्थिति के लिए अमेरिका और जायोनिस्ट शासन जिम्मेदार हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हीं लोगों ने संकट और होर्मुज़ जलडमरूमध्य में हमलों को भड़काया। उन्होंने आगे दावा किया कि इनमें से कुछ हमले UAE की जमीन पर बने ठिकानों से किए गए थे, और इन गतिविधियों में शामिल होकर UAE ने इन कार्रवाइयों में भाग लेते हुए ईरान के नागरिक ढांचे, स्कूलों और अस्पतालों पर हमलों के लिए अपने क्षेत्र का उपयोग करने दिया।’
मिनाब के छात्रों की पोस्टर लहराया
निजामीपुर ने बैठक में एक पोस्टर भी प्रस्तुत किया, जिसमें मिनाब के उन छात्रों को दर्शाया गया था जिनकी मौत हालिया हमलों में हुई बताई गई। उन्होंने कहा कि यह तस्वीर उन बच्चों का प्रतीक है जो उनके अनुसार अमेरिका द्वारा किए गए हमले के पहले दिन मारे गए थे। (एजेंसी)

