Mon. Jun 15th, 2026

अमेरिका-ईरान युद्ध खत्म होने की खबर से शेयर बाजार में उछाल, सेंसेक्स 1100 अंक चढ़ा और निफ्टी में भी तूफानी तेजी

Share Market Today: अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त होने की खबर अब विश्वभर के बाजारों में साफ दिखाई दे रही है। कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट ने निवेशकों का आत्मविश्वास बढ़ाया है और भारतीय शेयर बाजार ने भी मजबूत शुरुआत की है। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,100 से अधिक अंक चढ़ा, वहीं निफ्टी में भी जोरदार तेजी देखी गई। ग्लोबल मार्केट से मिल रहे मजबूत संकेतों ने निवेशकों के उत्साह को और बढ़ा दिया है।

सेंसेक्स-निफ्टी में जोरदार तेजी

ग्लोबल मार्केट से मिल रहे मजबूत संकेतों के बीच, भारतीय शेयर बाजार ने आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन जोरदार शुरुआत की। सुबह करीब 9:17 बजे, बीएसई सेंसेक्स 1,154.98 अंक या 1.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,682.94 पर कारोबार कर रहा था। सुबह 9:18 बजे, एनएसई निफ्टी 50 सूचकांक 341.30 अंक या 1.44 प्रतिशत बढ़कर 23,964.20 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में शुरुआती घंटों से ही खरीदारी का माहौल देखने को मिला।

अमेरिका-ईरान समझौते से निवेशकों का बढ़ा भरोसा

यह शेयर बाजार में तेजी ऐसे समय में आई है जब अमेरिका और ईरान ने युद्ध समाप्त करने के लिए एक समझौते की घोषणा की है। निवेशकों का मानना ​​है कि इस समझौते से ग्लोबल तनाव कम होगा और ऊर्जा बाजार पर दबाव भी घटेगा। यही कारण है कि दुनिया भर के शेयर बाजारों में राहत की लहर देखने को मिल रही है।

ट्रंप के ऐलान के बाद WTI और ब्रेंट क्रूड में बड़ी गिरावट

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार देर रात सोशल मीडिया पर घोषणा की कि ईरान के साथ समझौता पूरा हो चुका है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने भी कहा कि इस समझौते पर शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में आधिकारिक हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस घोषणा के बाद तेल बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई।

युद्ध समाप्त होने और तेल आपूर्ति संबंधी चिंताओं में कमी आने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखी गई। जुलाई डिलीवरी के लिए WTI क्रूड फ्यूचर्स 4.77 प्रतिशत गिरकर 80.83 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। अगस्त डिलीवरी के लिए ब्रेंट क्रूड लगभग 4 प्रतिशत गिरकर 83.77 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। ब्रेंट क्रूड 84 डॉलर प्रति बैरल के महत्वपूर्ण स्तर से नीचे फिसल गया, जिसे बाजार के लिए राहत का संकेत माना जा रहा है। (एजेंसी)

About The Author