Mon. Sep 14th, 2026

डोकरा हो चुके हैं राहुल! उमा भारती का राहुल गांधी पर सियासी वार, बोलीं- बच्चे सिर्फ मोदी से करते हैं प्यार

भोपाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मध्य प्रदेश दौरे के बीच भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री और प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने उन पर तीखा व्यक्तिगत और राजनीतिक हमला बोला है। राहुल गांधी की ‘युवा नेता’ वाली छवि को सीधे निशाने पर लेते हुए उमा भारती ने कहा कि राहुल अब युवा नहीं रहे, बल्कि पूरी तरह बूढ़े और ‘डोकरा’ हो चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि देश का वर्तमान और भविष्य यानी बच्चे केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्यार करते हैं और उन्हें ही अपना एकमात्र नेता मानते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में उमा भारती ने राहुल गांधी पर तंज कसने के साथ-साथ सागर के चर्चित शराब कांड पर भी अपनी बात रखी।

‘बच्चे सिर्फ मोदी से प्यार करते हैं, राहुल की उम्र ढल गई’

राहुल गांधी के दौरे और उनकी छवि को लेकर पूछे गए सवाल पर उमा भारती ने दो-टूक अंदाज में कहा कि कांग्रेस उन्हें अब भी युवा नेता साबित करने में जुटी है, जबकि हकीकत यह है कि राहुल गांधी अब बूढ़े हो चुके हैं, डोकरा हो चुके हैं। आज देश का बच्चा-बच्चा सिर्फ नरेंद्र मोदी को अपना नेता मानता है और उनसे प्यार करता है। नई पीढ़ी के दिलों में केवल मोदी जी बसे हैं। उमा भारती के इस तल्ख बयान के बाद मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है।

सागर जहरीली शराब कांड पर भी सरकार को घेरा

राहुल गांधी पर हमला बोलने के साथ ही उमा भारती ने अपनी ही सरकार के प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को भी कटघरे में खड़ा किया। सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों पर उन्होंने सख्त रुख अख्तियार किया।  शराब माफिया के साथ नेताओं और अधिकारियों की मिलीभगत की खबरों पर उन्होंने कहा कि आरोपियों के साथ दिखने या उनसे संपर्क रखने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

वहीं पूर्व सीएम ने ऐलान किया कि वे खुद सागर के बंडा जाकर पीड़ित परिवारों से मिलेंगी। साथ ही उन्होंने सीएम मोहन यादव से राज्य में सख्त आबकारी नीति लागू करने और शराबबंदी की दिशा में ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।

About The Author

इन्हें भी पढ़े