Tue. Sep 15th, 2026

PM Awas Debate: भूपेश बघेल-विजय शर्मा आमने-सामने, प्रेस क्लब में गरमाया माहौल; भारी पुलिस बल तैनात

PM Awas Debate

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर चल रही सियासी लड़ाई मंगलवार को नए मुकाम पर पहुंच गई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम विजय शर्मा पीएम आवास के मुद्दे पर बहस के लिए रायपुर प्रेस क्लब पहुंच गए हैं। दोनों नेताओं के आमने-सामने आने से प्रेस क्लब परिसर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

बहस को लेकर प्रेस क्लब में पहले से ही तैयारियां की गई थीं। मंच पर तीन कुर्सियां लगाई गई हैं और प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी को बहस में मेडिएटर की जिम्मेदारी दी गई है।

पीएम आवास पर आरोपों का आमना-सामना

प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच लंबे समय से सियासी बयानबाजी चल रही है। इसी मुद्दे पर भूपेश बघेल और विजय शर्मा के बीच भी कई बार जुबानी तकरार हुई। मामला उस वक्त और गरमा गया, जब दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को सार्वजनिक मंच पर बहस की चुनौती दी। इसके बाद रायपुर प्रेस क्लब में बहस कराने का फैसला हुआ। मंगलवार को भूपेश बघेल और विजय शर्मा दोनों प्रेस क्लब पहुंच चुके हैं। ऐसे में अब चुनौती सीधे बहस के मंच तक पहुंच गई है।

बहस से पहले निमंत्रण को लेकर हुआ विवाद

बहस शुरू होने से पहले कांग्रेस की ओर से निमंत्रण को लेकर सवाल उठाए गए थे। कांग्रेस का कहना था कि 15 सितंबर की सुबह तक भूपेश बघेल को सरकार या विजय शर्मा की ओर से बहस के लिए औपचारिक सूचना नहीं मिली थी। कांग्रेस की ओर से यह भी कहा गया था कि जैसे ही उन्हें औपचारिक आमंत्रण मिलेगा, भूपेश बघेल बहस के लिए पहुंचेंगे। अब पूर्व सीएम प्रेस क्लब पहुंच चुके हैं और मंच पर भी मौजूद हैं।

प्रेस क्लब में पुलिस का पहरा

राजनीतिक रूप से संवेदनशील बहस को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रेस क्लब परिसर में डीसीपी सेंट्रल, एडीसीपी, एसीपी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। आधा दर्जन से ज्यादा थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सिविल ड्रेस में भी जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।

कांग्रेस नेता को अंदर जाने से रोका

बहस से पहले प्रेस क्लब परिसर में पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच तनातनी भी देखने को मिली। वरिष्ठ कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी को पुलिस ने अंदर जाने से रोक दिया। इस दौरान शैलेश नितिन त्रिवेदी और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद की स्थिति बनी। बाद में कांग्रेस नेता आरपी सिंह भी प्रेस क्लब पहुंचे।

भाजपा ने सोशल मीडिया पोस्ट से साधा निशाना

बहस से ठीक पहले भाजपा की ओर से भी मोर्चा संभाल लिया गया। भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिया समेत भाजपा के कई कार्यकर्ता प्रेस क्लब पहुंचे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर पूर्ववर्ती भूपेश सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से जुड़ा टीएस सिंहदेव का पत्र शेयर किया गया। भाजपा ने पत्र के जरिए कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में PM Awas को लेकर सवाल उठाए और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कांग्रेस पर निशाना साधा।

मंच पर मौजूद रहेंगे तीन लोग

रायपुर प्रेस क्लब में बहस के लिए मंच तैयार है। यहां तीन कुर्सियां लगाई गई हैं। एक पर भूपेश बघेल, दूसरी पर विजय शर्मा और तीसरी पर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी बैठेंगे। मोहन तिवारी दोनों नेताओं के बीच होने वाली बहस में मेडिएटर की भूमिका निभाएंगे।

कांग्रेस-भाजपा नेताओं की मौजूदगी

प्रेस क्लब में भूपेश बघेल के साथ शैलेश नितिन त्रिवेदी और आरपी सिंह पहुंचे हैं। कांग्रेस नेता कुलदीप जुनेजा और सुशील आनंद शुक्ला भी मौके पर मौजूद हैं। दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और पुलिस की भारी तैनाती ने पूरे घटनाक्रम को और हाईप्रोफाइल बना दिया है।

अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि PM Awas के मुद्दे पर भूपेश बघेल और विजय शर्मा एक-दूसरे के सवालों का किस तरह जवाब देते हैं और बहस में किसका पक्ष ज्यादा प्रभावी रहता है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े