Fri. Jul 31st, 2026

अमेरिका-ईरान के बीच 14 शर्तों पर शांति समझौता, IRGC ने इसे बताया रणनीतिक जीत

डोनाल्ड ट्रंप ने किया पीस डील का ऐलान, 19 जून को जेनेवा में समझौते पर होंगे हस्ताक्षर

 

तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच 14 शर्तों पर शांति समझौता होने का दावा किया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस ऐतिहासिक समझौते की घोषणा की है, जबकि ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इसे अमेरिका और इजराइल पर अपनी रणनीतिक और कूटनीतिक जीत बताया है।

 

ईरान के खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर की ओर से जारी बयान में कहा गया कि देश की जनता और सशस्त्र बलों ने यह साबित कर दिया है कि विरोधी पक्ष के पास समझौते के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा था। आईआरजीसी ने कहा कि यह ईरान की एक बड़ी रणनीतिक और कूटनीतिक सफलता है और अमेरिका तथा इजराइल को ईरान की सैन्य क्षमता के सामने झुकना पड़ा।

 

बयान में कहा गया कि समझौता ज्ञापन (MoU) का मतलब यह नहीं है कि ईरान अमेरिका पर भरोसा करेगा। तेहरान ने स्पष्ट किया है कि वह अमेरिकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखेगा। ईरान के सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिवालय ने भी एक बयान जारी कर कहा कि सुप्रीम लीडर के मार्गदर्शन, जनता के समर्थन और लंबी वार्ताओं के बाद 14 जून को अमेरिका के साथ मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग का मसौदा अंतिम रूप दिया गया।

 

ईरानी पक्ष के अनुसार, इस समझौते के तहत लेबनान समेत विभिन्न मोर्चों पर सैन्य अभियान समाप्त किए जाएंगे और ईरान के खिलाफ लागू नौसैनिक नाकेबंदी को तत्काल हटाया जाएगा। साथ ही पाकिस्तान और कतर की मध्यस्थता तथा प्रयासों की भी सराहना की गई है।

 

उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि होर्मुज स्ट्रेट से अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी हटाई जाएगी और अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात को सामान्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुनिया के जहाजों को फिर से स्वतंत्र रूप से आवाजाही की अनुमति मिलेगी और तेल आपूर्ति बहाल की जाएगी।

 

जानकारी के अनुसार, अमेरिका-ईरान शांति समझौते पर 19 जून को जेनेवा में आधिकारिक हस्ताक्षर किए जाएंगे। ईरान की ओर से संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर गालिबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची, जबकि अमेरिका की ओर से उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने संकेत दिए हैं कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिनेवा पहुंच सकते हैं।

 

About The Author

इन्हें भी पढ़े