Mon. Jun 22nd, 2026

अंबिकापुर में कला केंद्र मैदान आवंटन को लेकर कथित ऑडियो वायरल, महापौर मंजूषा भगत ने दर्ज कराई शिकायत

कला केंद्र मैदान के आवंटन में कथित लेन-देन से जुड़े ऑडियो के वायरल होने के बाद अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत ने आरोपों को साजिश बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

 

अंबिकापुर। अंबिकापुर के कला केंद्र मैदान के आवंटन को लेकर एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। वायरल ऑडियो में स्वदेशी आर्ट एंड क्राफ्ट बाजार से जुड़े एक व्यक्ति और महापौर मंजूषा भगत के बीच कथित बातचीत सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

 

कथित ऑडियो में बाजार संचालक अनुराग तिवारी महापौर से बातचीत करते हुए पहले दिए गए पैसों को वापस करने की मांग करते सुनाई पड़ रहे हैं। बातचीत में भाजपा जिला अध्यक्ष के लिए अधिक रकम मांगे जाने का भी जिक्र किया गया है। दावा किया जा रहा है कि आवंटन के लिए पहले कुछ राशि दी गई थी, लेकिन बाद में अधिक रकम की मांग किए जाने के कारण मामला विवादित हो गया।

 

ऑडियो वायरल होने के बाद अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत भावुक अवस्था में आजाक थाना पहुंचीं और अनुराग मिश्रा समेत अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने पूरे मामले को फर्जी और साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि उनकी और उनके परिवार की छवि खराब करने के उद्देश्य से यह षड्यंत्र रचा जा रहा है। महापौर ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि वह और उनका परिवार इस घटनाक्रम से मानसिक रूप से परेशान हैं।

 

वहीं नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सफी अहमद ने वायरल ऑडियो को गंभीर मामला बताते हुए नगर निगम के कार्यों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले से निगम में कथित भ्रष्टाचार की ओर संकेत मिलता है और पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच होनी चाहिए।

 

फिलहाल मामले की जांच और वायरल ऑडियो की सत्यता की पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

 

About The Author