‘सपा के 4 कार्यकाल में हुए 1500 दंगे’: गोरखपुर में बरसे सीएम योगी, चौरी-चौरा को दी 84 सौगातें
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र को जाम की समस्या से निजात दिलाने वाले बहुप्रतीक्षित रेल उपरिगामी सेतु सहित कुल 84 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा शासन की पहचान को दंगों और अराजकता से जोड़ते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने प्रदेश को अपराध की आग में झोंकने का काम किया था। साथ ही, सीएम योगी ने मौसम की मार झेल रहे किसानों के लिए नए राहत पैकेज का ऐलान भी किया।
‘सपा ने 1500 दंगे कराए, हमने 10 लाख सरकारी नौकरियां दीं’
सपा के इतिहास पर प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “समाजवादी पार्टी की सबसे बड़ी उपलब्धि यही रही कि उसने अपने चार बार के शासन में प्रदेश भर में 1500 दंगे करवाए। सपा ने उस दौरान 10 लाख गुंडों को संरक्षण दिया, जो हर जिले में व्यापारियों को लूटते थे और बेटियों की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए थे।”
उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार ने इसके उलट युवाओं को पारदर्शी तरीके से 10 लाख सरकारी नौकरियां दीं और कानून का राज स्थापित कर माफियाओं को मिट्टी में मिलाने का काम किया। सीएम ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा, “हमारी सरकार में बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। अगर किसी ने इसमें सेंध लगाने की कोशिश की, तो उसके लिए या तो जेल होगी या जहन्नुम, तीसरी कोई जगह नहीं होगी।”
चौरी-चौरा कांड: ‘नेहरू नहीं, मदन मोहन मालवीय बने थे रक्षक’
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पंक्तियों का उल्लेख किया— ‘अंधा चकाचौंध का मारा, क्या जाने इतिहास बेचारा?’
उन्होंने कहा कि जब 4 फरवरी 1922 को चौरी-चौरा कांड के बाद ब्रिटिश हुकूमत ने 172 स्वतंत्रता सेनानियों, किसानों और कामगारों को फांसी की सजा सुनाई थी, तब खुद को बड़ा पैरोकार बताने वाले पंडित जवाहरलाल नेहरू कहीं नजर नहीं आए थे। उस कठिन समय में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय आगे आए और उन्होंने अपनी कानूनी योग्यता के दम पर 151 देशभक्तों को फांसी के फंदे से सुरक्षित बचा लिया।
दशकों पुराने जाम से राहत, भोपा बाजार फ्लाईओवर बना हकीकत
स्थानीय समस्याओं के समाधान की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि भोपा बाजार रेलवे क्रॉसिंग के कारण पूरा इलाका लंबे समय तक घंटों भीषण जाम में फंसा रहता था। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की मांग को प्राथमिकता पर रखते हुए शहीद स्मारक के निकट भव्य रेल उपरिगामी सेतु का निर्माण पूरा कराया गया है। जो प्रोजेक्ट कभी केवल चर्चाओं में था, वह अब जमीन पर उतर चुका है और स्थानीय नागरिकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा देगा।
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित अन्नदाताओं को नया मुआवजा पैकेज
सीएम योगी ने चक्रवात, अत्यधिक वर्षा और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का संज्ञान लेते हुए किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पहले दिया गया मुआवजा नुकसान के अनुपात में नाकाफी था, इसलिए राज्य सरकार अन्नदाताओं की पूरी भरपाई के लिए एक नया विशेष पैकेज तैयार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलाधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का त्वरित सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी किसान को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े। उन्होंने दोहराया कि ‘डबल इंजन’ की सरकार हर संकट में राज्य के किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है।

