Wed. Aug 12th, 2026

RPSC भर्ती पोर्टल से छेड़छाड़ का आरोप, फर्जी ID से 3 अभ्यर्थियों के आवेदन किए विड्रॉ

RPSC News : राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। खान और भू-विज्ञान विभाग के लिए आयोजित भर्ती प्रक्रिया में तीन उम्मीदवारों के ऑनलाइन आवेदन हटा दिए गए। हैरानी की बात यह है कि न तो आयोग ने और न ही खुद उम्मीदवारों ने आवेदन वापस लिए बल्कि, एक अनधिकृत व्यक्ति ने RPSC पोर्टल के साथ छेड़छाड़ की और तीनों आवेदनों को हटा दिया। आशंका है कि भर्ती प्रक्रिया में किसी अन्य व्यक्ति को लाभ देने के लिए ऐसा किया गया। आयोग ने मामले में साइबर पुलिस स्टेशन (अजमेर) में शिकायत दी।

सहायक खनिज अभियंता भर्ती-2024 का मामला

सहायक खनिज अभियंता भर्ती-2024 की लिखित परीक्षा के बाद, आयोग ने उपलब्ध रिक्तियों की संख्या से दोगुने उम्मीदवारों की एक सूची तैयार की। सूची में शामिल एक उम्मीदवार ने 1 जनवरी, 2026 को ईमेल के ज़रिए आयोग को सूचित किया कि उन्हें 29 दिसंबर, 2025 की शाम को एक SMS मिला था, जिसमें कहा गया था कि उनका आवेदन वापस ले लिया गया है। उम्मीदवार ने स्पष्ट किया कि उन्होंने ऐसा कोई प्रयास नहीं किया था और अपने आवेदन को बहाल करने का अनुरोध किया। जबकि आयोग द्वारा उस दौरान एप्लीकेशन विथड्रॉ करने के लिए ऐसा कोई भी लिंक या विंडो ओपन नहीं की गई थी। आरपीएससी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग, जयपुर को विस्तृत तकनीकी जांच के लिए आधिकारिक पत्र लिखे।

पहले फर्जी आईडी बनाई, फिर पोर्टल का एक्सेस लिया

जांच में एक सोची-समझी साज़िश का पता चला। एक व्यक्ति ने जानबूझकर और गैर-कानूनी तरीके से रिक्रूटमेंट पोर्टल का एक्सेस हासिल किया था। तीन उम्मीदवारों के आवेदन वापस लेने से ठीक पहले—खासकर 29 दिसंबर, 2025 को शाम 6:16 बजे—इस अनधिकृत व्यक्ति ने पोर्टल पर एक नया यूज़र अकाउंट बनाया। इसके बाद, किसी और को अनुचित लाभ पहुँचाने के लिए उन तीन उम्मीदवारों के आवेदन वापस ले लिए गए। डिजिटल फोरेंसिक जांच में एक ईमेल आईडी और एक आईपी एड्रेस का भी पता चला।

साइबर पुलिस ने शुरू की जांच

साइबर पुलिस स्टेशन ने भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 318(4) यानी धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66, 66डी, 43 और 43ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आयोग के सचिव ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म या भर्ती पोर्टलों के साथ छेड़छाड़ करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। (एजेंसी)

About The Author

इन्हें भी पढ़े