राजस्थान में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की एंट्री, जयपुर में आंदोलन की रणनीति बताएंगे आशुतोष रांका
जयपुर: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’—जिसने हाल ही में सभी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर काफ़ी चर्चा बटोरी है—अब वर्चुअल दुनिया से निकलकर ज़मीनी स्तर पर आ रही है और कई राज्यों में अपना विस्तार कर रही है। हालांकि इसे अभी तक आधिकारिक राजनीतिक पार्टी का दर्जा नहीं मिला है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे एक जन-आंदोलन के तौर पर पहचान मिली है। इसमें युवाओं का एक बड़ा समूह शामिल है जो अपनी मांगों को मनवाने के लिए सरकार के ख़िलाफ़ एक बड़ा आंदोलन शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
![]()
राजस्थान में CJP की एंट्री
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अब राजस्थान में भी एंट्री कर ली है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका जयपुर के दौरे पर हैं। रांका शुक्रवार को दोपहर 2 बजे जयपुर के पिंक सिटी प्रेस क्लब में मीडिया से बातचीत करेंगे। इस दौरान राजस्थान में गठित की जा रही टीम के बारे में जानकारी देंगे। राजस्थान में जिन युवाओं को कॉकरोच जनता पार्टी से जोड़ा जा रहा है, उस टीम को भी मीडिया के सामने प्रजेंट किया जाएगा। राजस्थान में मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी अभिषेक जैन बिट्टू को दी गई है जो पूर्व में आम आदमी पार्टी में पदाधिकारी रहे हैं।
राजस्थान में आंदोलन की रूपरेखा तैयार
अभिषेक जैन बिट्टू ने बताया कि CJP अब युवाओं से जुड़े मुद्दों पर एक देशव्यापी जन-आंदोलन का नेतृत्व कर रहा है। यह अभियान गुरुवार, 11 जून को पुणे (महाराष्ट्र) में शुरू किया गया था और आने वाले दिनों में राजस्थान में भी इसी तरह का आंदोलन आयोजित किया जाएगा।इसकी रूपरेखा राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठकर तैयार की जा रही है। बिट्टू ने कहा कि सीजेपी की ओर से जल्द ही राजस्थान की राजधानी जयपुर में राज्यस्तरीय आंदोलन किया जाना प्रस्तावित है। इसका खुलासा पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका शुक्रवार को करेंगे।
शोषण के विरुद्ध जनआवाज है CJP
अभिषेक जैन ‘बिट्टी’ का कहना है कि CJP देश के युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ एक सामूहिक आवाज़ है। यह आवाज़ शोषण और उनकी चिंताओं को कमतर आंकने के खिलाफ़ एक मज़बूत लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है।उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ का आंदोलन नहीं है, बल्कि देश के युवाओं, अभिभावकों और समाज के भविष्य को सुरक्षित और मजबूत बनाने का सामाजिक और पारिवारिक अभियान है। आज शिक्षा व्यवस्था की अव्यवस्थाएं लगातार सामने आ रहे पेपर लीक प्रकरण, रोजगार के सीमित अवसर और भर्ती प्रक्रियाओं में बढ़ती अनिश्चितता युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी हैं। ऐसे समय में समाज के प्रत्येक जागरूक नागरिक को आगे आकर युवाओं के अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए एकजुट होना चाहिए।
संस्थापक अभिजीत दीपके भी होंगे शामिल
राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बताया कि जयपुर में होने वाले इस प्रदर्शन का महत्व इस बात से समझा जा सकता है कि इसमें खुद कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय संस्थापक अभिजीत दीपके विशेष रूप से दिल्ली से जयपुर पहुंचकर भाग लेंगे। (एजेंसी)

