Tue. Sep 15th, 2026

स्वाद बना आफत: रबड़ी ने बीमार किए 25 लोग, खरगोन जिला अस्पताल में इमरजेंसी जैसे हालात

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के टांडाबरुड़ गांव से फूड पॉइजनिंग की बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां बस स्टैंड स्थित एक होटल की रबड़ी खाने से करीब 25 लोगों की तबीयत एक साथ बिगड़ गई। रबड़ी खाने के कुछ ही देर भीतर ग्रामीणों को तेज पेट दर्द, दस्त और उल्टियों की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते मरीजों की कतार लग गई और पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

होटल से खाई थी रबड़ी, घर ले जाने वाले भी हुए बीमार

घटना टांडाबरुड़ बस स्टैंड स्थित पवन कैलाश श्रीवास की होटल की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई लोगों ने होटल में बैठकर रबड़ी खाई थी, जबकि कुछ लोग अपने परिवार के लिए पैक कराकर घर ले गए थे। मीठा खाने के कुछ ही समय बाद एक-एक कर बच्चों और बड़ों की हालत बिगड़ने लगी।

15 मरीज जिला अस्पताल पहुंचे, स्वास्थ्य अमला अलर्ट

एक साथ 25 लोगों के बीमार पड़ने की खबर से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। स्थिति बिगड़ते देख परिजनों ने आनन-फानन में करीब 15 मरीजों को खरगोन जिला अस्पताल सहित अन्य निजी व सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया।कई मरीजों का प्राथमिक उपचार टांडाबरुड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में किया जा रहा है।

सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित लोगों को ड्रिप व दवाएं देकर स्थिति नियंत्रित करने में जुट गई।

होटल पहुंची पुलिस, फूड सेफ्टी टीम लेगी सैंपल

मामले की गंभीरता को देखते हुए बरुड़ थाना पुलिस तुरंत उक्त होटल पहुंची और संचालक से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (Food Safety Department) को भी मामले की सूचना दी गई है ताकि होटल में रखी रबड़ी और दूध के नमूने जब्त कर जांच के लिए लैब भेजे जा सकें। प्रशासन यह जांच कर रहा है कि दूध बासी था, किसी केमिकल की मिलावट थी या बर्तन में खराबी के कारण यह जहरीला असर हुआ।

About The Author