Mon. Jul 27th, 2026

भोपाल के रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी: निशातपुरा स्टेशन तैयार, सीएम करेंगे लोकार्पण

Nishatpura Station: निशातपुरा रेलवे स्टेशन का निर्माण कुछ महीने पहले ही पूरा हो गया था, लेकिन वहां से ट्रेनें नहीं चल रही थीं। ट्रेनें स्टेशन से गुजरती तो थीं, लेकिन न तो वहां रुकती थीं और न ही वहां से रवाना होती थीं। इसी वजह से लोग इसे भूतिया स्टेशन तक कहने लगे थे। लेकिन अब 28 जुलाई से यहां से ट्रेनें चलने लगेंगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव स्टेशन का लोकार्पण करेंगे।

मंत्री विश्वास सारंग ने किया निरीक्षण

उद्घाटन से पहले, राज्य के खेल एवं युवा विकास मंत्री विश्वास सारंग ने कार्यक्रम स्थल का दौरा किया और आयोजन की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम को समय पर और व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाए।

भोपाल को मिलेगी नई पहचान

मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन का संचालन मात्र एक नए रेलवे स्टेशन का उद्घाटन नहीं है, बल्कि तेजी से विकसित हो रहे भोपाल की नई पहचान और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार की गई एक महत्वपूर्ण अवसंरचना है। यह भोपाल के लाखों नागरिकों के लिए एक ऐतिहासिक सौगात साबित होगा।

सीएम मोहन यादव करेंगे शुभारंभ

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव 28 जुलाई को शाम 5 बजे निशातपुरा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद स्टेशन से नियमित यात्री रेल सेवाएं शुरू हो जाएंगी। इंदौर की ओर जाने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनें निशातपुरा रेलवे स्टेशन से चलेंगी। विशेष रूप से, मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस अब निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर रुकेंगी।

भोपाल में हो गए अब चार रेलवे स्टेशन

भोपाल का तेजी से विस्तार हो रहा है। शहर के विस्तार के साथ-साथ सुविधाओं की भी आवश्यकता बढ़ रही है। भोपाल में अब चार रेलवे स्टेशन होंगे। भोपाल, रानी कमलापति और संत हिरदाराम नगर स्टेशन पहले से मौजूद हैं। इन नए स्टेशनों में निशातपुरा स्टेशन को का नाम जुड़ गया है।

इन्हें होगा ज्यादा लाभ

मंत्री सारंग ने कहा कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन से लाखों नागरिकों, विशेषकर करोंद, निशातपुरा, छोला, भानपुर, अयोध्या बाईपास, द्वारका नगर और आसपास के इलाकों में रहने वालों को काफी सुविधा मिली है। अब इन क्षेत्रों के निवासियों को ट्रेन पकड़ने के लिए शहर के भीड़भाड़ वाले मुख्य रेलवे स्टेशन तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे समय की बचत होगी, यातायात जाम कम होगा और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक रेल सेवाएं मिलेंगी। (एजेंसी)

 

About The Author