ग्रेटर नोएडा PNB में 35 करोड़ का घोटाला! FD तोड़कर उड़ाए रुपये, मैनेजर समेत 5 कर्मचारी सस्पेंड
ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में लगभग 35 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कई खाताधारकों की सावधि जमा राशि समय से पहले तोड़कर दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी गई। शिकायतों के बाद बैंक मैनेजर समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। अब तक 16 लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और भ्रष्टाचार विरोधी टीम भी मामले की जांच कर रही है। बैंक ने खाताधारकों को आश्वासन दिया है कि उनकी धनराशि उनके खातों में वापस कर दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मैनेजर सहित पांच बैंककर्मी निलंबित
ग्रेटर नोएडा में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) मामले के बाद, पीएनबी के क्षेत्रीय कार्यालय ने बैंक प्रबंधक सहित पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया और नए कर्मचारियों की नियुक्ति की। हालांकि, बैंक ने इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी जारी नहीं की है। बीटा-2 पुलिस स्टेशन ने भी शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पैसे लोगों के खातों में आए ही नहीं!
ऐच्छर गांव के निवासी ट्रांसपोर्टर विनीत भाटी ने मंगलवार को बीटा-2 पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई और बैंक कर्मचारियों की भूमिका की जांच और 25 लाख रुपये वापस करने की मांग की। उनका कहना है कि उनकी कंपनी ‘जय शिव ट्रांसपोर्ट’ है और बैंक में उनका चालू खाता है। उन्होंने म्यूचुअल फंड में निवेश करने के लिए बैंक कर्मचारियों से संपर्क किया था। उन्होंने शाखा प्रबंधक के कहने पर चेक और संबंधित ब्रोशर पर हस्ताक्षर किए थे। आरोप है कि रकम उनके सेविंग अकाउंट में ट्रांसफर किए जाने के बजाय किसी अन्य खाते में भेज दी गई। खाता विनीत भाटी के नाम से बताया गया, लेकिन वह उनका अपना खाता नहीं था।
एंटी करप्शन की टीम कर रही जांच
एक अन्य बैंक खाताधारक ने बताया कि उनकी मां के खाते में नोएडा एयरपोर्ट के लिए जमीन जाने के बाद करीब एक करोड़ 29 लाख रुपये का मुआवजा आया था। हमने केवल 15 लाख रुपये ही निकाले थे। अब एक करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम गायब है। वहीं, बैंक से जुड़े लोगों ने सभी लोगों को भरोसा दिया है कि उनके पैसे जल्द उनके खाते में वापस आ जाएंगे। लापरवाही और गड़बड़ी करने वाले लोगों की जांच की जा रही है और पांच लोगों को सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस से अभी बैंक के खिलाफ 16 लोगों ने शिकायत की है। एंटी करप्शन टीम भी जांच कर रही है। (एजेंसी)

