Sat. Jul 25th, 2026

राहुल गांधी का पीएम मोदी पर तंज, बोले— ‘मेट्रो और इंटरनेट बंद, लेकिन पेपर लीक नहीं बंद कर पाए’

नई दिल्ली: NEET एंट्रेंस एग्जाम में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्र कई दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच, सरकार ने राजधानी में कई पाबंदियां लगा दी हैं और दिल्ली में 18 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। अब लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मोदी पर तंज कसा है राहुल गांधी ने कहा, “मेट्रो बंद कर दो, सड़कें जाम कर दो, दुकानें बंद करवा दो, इंटरनेट काट दो और खाने-पीने की सप्लाई रोक दो।” पीएम मोदी पर तंज कसते हुए उन्होंने आगे कहा, “एक ही चीज़ जो पीएम मोदी नहीं रोक पाए, वह था पेपर लीक।”‘ उन्होंने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा, बस पेपर लीक पीएम मोदी नहीं बंद कर पाए।

अपना हक मांग रहे छात्रों के खिलाफ कठोर कदम

शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा, “मेट्रो बंद कर दो, सड़कें जाम कर दो, दुकानें बंद करवा दो—सरकार ने अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों के खिलाफ ये कठोर कदम उठाए हैं।”

राहुल गांधी ने उठाया पैलेट गन का मुद्दा

इससे पहले शुक्रवार को, राहुल गांधी ने पेपर लीक के मुद्दे पर विरोध कर रहे छात्रों के समर्थन में केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा, “जब ये युवा अपने हाथों में तिरंगा लेकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे थे, तो उन पर पैलेट गन से हमला किया गया। सरकार का दावा है कि विरोध के दौरान पैलेट गन का इस्तेमाल नहीं किया गया, लेकिन सच सबके सामने है।” उन्होंने दावा किया कि पैलेट गन हमले में एक छात्र की आंख बुरी तरह घायल हो गई और उसकी आंखों की रोशनी चली गई है। राहुल गांधी ने कहा, “मैं पक्के तौर पर यह भी नहीं कह सकता कि इस युवक की आंखों की रोशनी बच पाएगी या नहीं।”

कांग्रेस के एक नेता ने आरोप लगाया कि पेपर लीक के खिलाफ विरोध कर रहे हजारों युवाओं पर पैलेट गन चलाई गईं और लाठियां बरसाई गईं। उन्होंने कहा कि छात्र तो बस अपने भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर सीधा हमला करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “धर्मेंद्र प्रधान एक आपराधिक शिक्षा मंत्री हैं। वह देश की शिक्षा व्यवस्था के पतन का प्रतीक हैं। आज हजारों लोग सड़कों पर हैं, इसके लिए वही जिम्मेदार हैं।’ उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने देश के भविष्य पर हमला किया है, जबकि छात्र सिर्फ तीन मांगें रख रहे हैं। राहुल गांधी के अनुसार, प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मुख्य मांगें ये हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए; जिन लोगों ने कथित तौर पर छात्रों पर बर्बरता किए, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छात्रों और देश से माफी मांगनी चाहिए।राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि सरकार छात्रों को डराना-धमकाना और उनके साथ मारपीट करना बंद करे तथा उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उन्हें पूरा करे। (एजेंसी)

About The Author