भोपाल ISBT में आग का तांडव: वर्मा ट्रेवल्स की कई बसें जलकर खाक, मची अफरा-तफरी
भोपाल। राजधानी भोपाल के हबीबगंज स्थित अंतरराज्यीय बस स्टैंड (ISBT) पर रविवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब परिसर में खड़ी ‘वर्मा ट्रेवल्स’ की बसों में अचानक आग भड़क उठी। तेज हवा और ज्वलनशील सामग्री के चलते आग ने चंद ही मिनटों में 3 से 4 बसों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की ऊंची लपटों और आकाश में छाए घने काले धुएं को देखकर ISBT पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों के बीच भगदड़ मच गई। लोग तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें तुरंत ISBT पहुंचीं। फायर फाइटर्स ने तेजी से पानी की बौछारें शुरू कर आग पर नियंत्रण पाया और आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को जलने से बचा लिया। प्रारंभिक जांच में किसी जनहानि की खबर नहीं है, क्योंकि बसें खाली खड़ी थीं। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने का अनुमान है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि की जा रही है।

