अदन की खाड़ी में भारतीय जहाज पर लूट की कोशिश नाकाम, नौसेना ने क्रू मेंबर्स की बचाई जान
नई दिल्ली: भारतीय नौसेना ने भारत जा रहे एक जहाज को लूटने के प्रयास को विफल कर दिया है। जहाज अब पूरी तरह सुरक्षित है। जहाज पर कल रात समुद्री लुटेरों ने हमला किया था। भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस त्रिशूल ने लूट के प्रयास को नाकाम कर दिया।
एक भारतीय क्रू मेंबर
खबरों के मुताबिक, भारतीय नौसेना के मरीन कमांडो (MARCOS) ने उस जहाज (एमवी गोल्डन आर्सेनल) पर चढ़कर समुद्री लुटेरों के हमले का सामना किया। जहाज पर एक भारतीय चालक दल का सदस्य भी सवार था। जहाज भारत के लिए आवश्यक सामग्री ले जा रहा था। चालक दल के सदस्यों ने खुद को एक सुरक्षित कमरे में बंद कर लिया और संचार माध्यमों से लूटपाट की कोशिश की सूचना दी। जब भारतीय नौसेना का एक युद्धपोत जहाज के पास पहुंचा, तो समुद्री लुटेरे भाग गए। सूत्रों के अनुसार, मार्कोस ने जहाज की तलाशी ली और उसे सुरक्षित कर लिया।
2 महीने पहले भी बचाया था जहाज
यह पहली बार नहीं है जब भारतीय नौसेना ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन करते हुए समुद्री लुटेरों से किसी जहाज को बचाया है। दो महीने पहले, 26 मई, 2026 को, भारतीय नौसेना ने हिंद महासागर में एक मालवाहक जहाज को बचाया था। पश्चिमी हिंद महासागर में मालवाहक जहाज एमवी माशाअल्लाह-1 के पास समुद्री लुटेरों की गतिविधि का पता चला था। इसके बाद तुरंत INS कोलकाता ने कार्रवाई करते हुए इस खतरे की जांच की और उसे रोक दिया था। समय पर की गई कार्रवाई से मालवाहक जहाज की सुरक्षा सुनिश्चित हुई और समुद्री डाकुओं के संभावित हमले को टाल दिया गया था।
अदन की खाड़ी में लगातार सेना की तैनाती
दरअसल, भारतीय नौसेना इस समय अदन की खाड़ी में एक मिशन पर है। जब नौसेना के जहाजों को एमवी माशाअल्लाह-1 के पास संदिग्ध समुद्री डाकू गतिविधि की सूचना मिली, तो उन्होंने तुरंत कार्रवाई की। आईएनएस कोलकाता पर तैनात एक हेलीकॉप्टर की मदद से जांच की गई थी। साल 2008 से, भारतीय नौसेना अदन की खाड़ी में समुद्री लुटेरों के खिलाफ लगातार अपनी तैनाती बनाए हुए है। (एजेंसी)

