Sun. Jun 21st, 2026

पीएम किसान की 23वीं किस्त जारी, छत्तीसगढ़ के 24 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 490 करोड़ रुपये

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी करते हुए देशभर के 9.44 करोड़ किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। छत्तीसगढ़ के 24 लाख से अधिक किसान परिवारों को 490 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली।

 

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त जारी की। इसके तहत देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सलियाटोली में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में शामिल हुए और किसानों के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश की समृद्धि का आधार किसान हैं और किसानों की उन्नति के बिना विकसित भारत का सपना साकार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है।

 

प्रधानमंत्री ने कृषि भूमि और धरती माता के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि देशभर में ‘खेत बचाओ अभियान’ चलाया जा रहा है। उन्होंने किसानों से इस अभियान से जुड़ने और अन्य किसानों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

 

पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त के तहत छत्तीसगढ़ के 24 लाख से अधिक किसान परिवारों के खातों में 490 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई। खरीफ सीजन की शुरुआत में मिली यह राशि किसानों के लिए खाद, बीज और अन्य कृषि आदान सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अन्नदाता की समृद्धि ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के जीवन में आर्थिक सुरक्षा, आत्मविश्वास और सम्मान का संचार हुआ है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना किसानों को खेती के लिए आवश्यक आर्थिक सहयोग प्रदान करने वाली देश की सबसे सफल योजनाओं में से एक है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है और 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की व्यवस्था लागू की गई है। इसके अलावा किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण, कृषक उन्नति योजना सहित कई किसान हितैषी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

 

कार्यक्रम में मौजूद किसानों ने कहा कि खरीफ सीजन की शुरुआत में मिली यह सहायता खेती की तैयारियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। इससे खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री की खरीद आसान होगी और खेती के कार्य समय पर पूरे किए जा सकेंगे।

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, बेहतर बाजार व्यवस्था और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित न रखकर कृषि उद्यमिता और मूल्य आधारित खेती से जोड़ना है, ताकि उनकी आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही हैं और किसानों की समृद्धि ही विकसित भारत तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का आधार है।

About The Author