6 दिन तक बैंकिंग सेवाएं हो सकती हैं बाधित, अभी निपटा लें जरूरी काम
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के करोड़ों ग्राहकों के लिए अहम सूचना सामने आई है। 23 मई से 28 मई 2026 के बीच बैंकिंग सेवाओं पर असर देखने को मिल सकता है। इस दौरान अलग-अलग कारणों से शाखा आधारित कामकाज बाधित रहने की आशंका है, जिससे ग्राहकों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में सलाह दी जा रही है कि जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही पूरा कर लें।
23 से 28 मई तक क्यों प्रभावित हो सकता है कामकाज?
इस अवधि में बैंकिंग सेवाएं कई कारणों से प्रभावित हो सकती हैं। 23 मई को महीने का चौथा शनिवार और 24 मई को रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 25 और 26 मई को SBI कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल के चलते शाखाओं में कामकाज रुक सकता है।
इसके बाद 27 और 28 मई को बकरीद (ईद-उल-अजहा) की छुट्टियों के कारण कई राज्यों में बैंक बंद रहने की संभावना है। अलग-अलग राज्यों में छुट्टियों की स्थिति अलग हो सकती है, लेकिन कुल मिलाकर बैंकिंग गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ सकता है।
किन सेवाओं पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर?
अगर प्रस्तावित हड़ताल होती है तो शाखा स्तर की सेवाएं जैसे कैश जमा और निकासी, चेक क्लियरिंग, पासबुक अपडेट, डिमांड ड्राफ्ट और KYC संबंधी काम प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि, डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जैसे SBI YONO ऐप, इंटरनेट बैंकिंग और ATM सुविधाएं सामान्य रूप से जारी रह सकती हैं।
कर्मचारी क्यों कर रहे हैं हड़ताल?
ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) ने कर्मचारियों की कई मांगों को लेकर दो दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। यूनियन का कहना है कि लंबे समय से स्टाफ की कमी, आउटसोर्सिंग बढ़ने और काम के दबाव जैसे मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, इसलिए यह कदम उठाया गया है।
क्या हैं कर्मचारियों की प्रमुख मांगें?
कर्मचारी संगठन स्थायी भर्ती बढ़ाने, सुरक्षा स्टाफ की पर्याप्त तैनाती, आउटसोर्सिंग पर रोक और बेहतर कार्य वातावरण की मांग कर रहा है। इसके अलावा वेतन, पेंशन, मेडिकल सुविधाओं और ट्रांसफर पॉलिसी में सुधार जैसी मांगें भी उठाई गई हैं।
ग्राहकों के लिए जरूरी सलाह
बैंक से जुड़े किसी भी जरूरी काम को अंतिम समय पर न छोड़ें। नकद लेनदेन, चेक क्लियरेंस, KYC अपडेट और अन्य शाखा सेवाओं के लिए 22 मई तक का समय बेहतर रहेगा। किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए ग्राहक डिजिटल बैंकिंग विकल्पों का उपयोग कर सकते हैं।

