सीएम योगी ने फार्मर रजिस्ट्री लागू करने के दिए निर्देश, सभी किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में फार्मर रजिस्ट्री को व्यापक स्तर पर लागू करने के निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में फार्मर रजिस्ट्री को व्यापक स्तर पर लागू करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सभी किसानों का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने को कहा।
किसान पहचान पत्र बनवाना सुनिश्चित किया जाए
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं में लाभार्थियों के नाम या अभिलेखों में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर उसे आधार से लिंक कर प्राथमिकता के आधार पर संशोधित किया जाए।
साथ ही प्रत्येक पात्र किसान का किसान पहचान पत्र बनवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं के लाभ वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आए।
लाभार्थियों के चयन और वितरण प्रक्रिया डिजिटल की जाएगी
उन्होंने कहा कि कृषि विभाग आवश्यक तकनीकी व्यवस्था निर्धारित समयसीमा में तैयार करे और विभागीय पोर्टल को 1 मई 2026 तक पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाया जाए। इसके माध्यम से लाभार्थियों के चयन और वितरण प्रक्रिया को डिजिटल और एकीकृत किया जाएगा।
सभी योजनाओं में एक समान व्यवस्था लागू की जा सके
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता और लघु सिंचाई जैसे विभाग कृषि विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए 31 मई 2026 तक अपनी तैयारियां पूरी करें, ताकि सभी योजनाओं में एक समान व्यवस्था लागू की जा सके।
उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी, जिससे लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक जटिलताएं समाप्त होंगी और संसाधनों का लक्षित उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।

