Tue. Nov 3rd, 2026

Glenn Maxwell Retirement News: ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, नए खिलाड़ियों के लिए छोड़ा रास्ता

Glenn Maxwell Retirement News: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के विस्फोटक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने आखिरकार सभी कयासों पर विराम लगाते हुए संन्यास की घोषणा कर दी है। 38 वर्षीय इस खिलाड़ी ने टी-20 इंटरनेशनल के साथ-साथ फर्स्ट-क्लास और लिस्ट-ए क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया है। इससे पहले मैक्सवेल ने जून 2025 में वनडे क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया था। हालांकि अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट के इन प्रारूपों से हटने के बावजूद वह बिग बैश लीग (BBL) जैसी घरेलू टी-20 लीग में खेलते हुए नजर आएंगे। मैक्सवेल ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला इसी साल फरवरी में ओमान के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान खेला था।

ग्लेन मैक्सवेल ने साल 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था और वह इस फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के सबसे भरोसेमंद और मैच विनर खिलाड़ियों में गिने जाते रहे हैं। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, जिनके नाम इस फॉर्मेट में 5 शानदार शतक दर्ज हैं। खास बात यह है कि टी-20 इंटरनेशनल में उनके नाम दर्ज शतकों की संख्या भारत के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा के बराबर है। अपने पूरे अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान मैक्सवेल ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी और उपयोगी गेंदबाजी से कई यादगार पारियां खेलीं, जिसमें उनका वनडे में दोहरा शतक (201* रन) भी शामिल है।

संन्यास के पीछे का कारण बताते हुए मैक्सवेल ने ‘द फाइनल वर्ड’ पॉडकास्ट में खुलासा किया कि उनके भविष्य को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार बातचीत चल रही थी। टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान और उसके बाद भी इस पर चर्चा हुई थी, हालांकि टीम मैनेजमेंट की तरफ से उन पर किसी भी प्रकार का कोई दबाव नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीम अब आगामी श्रृंखलाओं और मुकाबलों में नए खिलाड़ियों को मौका देना चाहती है और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। इसी सोच के चलते उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का यह बड़ा फैसला लिया है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े

SKY TMT