Tue. Jun 30th, 2026

संपत्तिकर जमा करने का आज आखिरी दिन, रायपुर निगम ने वसूला 1.55 करोड़ राजस्व

Raipur News: नगर निगम की ओर से दी जा रही प्रॉपर्टी टैक्स में छूट का लाभ उठाने के लिए शहर के टैक्स देने वाले लोग इन आखिरी दिनों में बड़ी संख्या में अपना टैक्स जमा कर रहे हैं। इसका असर सोमवार को निगम के राजस्व वसूली में साफ तौर पर देखा गया। निगम ने एक ही दिन में 1070 संपत्तियों से 1 करोड़ 55 लाख 63 हजार 119 रुपए का संपत्तिकर वसूल किया।

टैक्स भरने पर 6.25% की छूट

नगर निगम प्रशासन के अनुसार, 30 जून तक संपत्तिकर का पूरा भुगतान करने वाले करदाताओं को अधिकतम 6.25 प्रतिशत तक की छूट का लाभ दिया जा रहा है। यही वजह है कि अंतिम तिथि से पहले करदाताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। अधिकारियों का मानना है कि अंतिम दिन यानी मंगलवार को वसूली का आंकड़ा और अधिक बढ़ सकता है।

अंतिम दिन बढ़ी करदाताओं की भीड़

नगर निगम कार्यालयों और ऑनलाइन माध्यमों से बड़ी संख्या में नागरिक संपत्तिकर का भुगतान कर रहे हैं। निगम का कहना है कि समय पर कर जमा करने से न केवल नागरिकों को छूट का लाभ मिलेगा, बल्कि नगर निगम को भी विकास कार्यों के लिए आवश्यक राजस्व प्राप्त होगा।

जोनवार वसूली इस प्रकार रही:
जोन-4 : 20.85 लाख रुपए
जोन-9 : 20.55 लाख रुपए
जोन-8 : 18.96 लाख रुपए
जोन-5 : 15.03 लाख रुपए
जोन-10 : 12.06 लाख रुपए
जोन-7 : 11.01 लाख रुपए
जोन-3 : 10.98 लाख रुपए

आज है छूट का अंतिम अवसर

नगर निगम ने टैक्स देने वालों से अपील की है कि वे 30 जून तक अपना संपत्तिकर जमा करें और 6.25 प्रतिशत तक की छूट का लाभ उठाएं। आखिरी दिन भुगतान करने की सुविधा निगम के सभी जोनल ऑफिस और ऑनलाइन भुगतान के जरिए उपलब्ध है। निगम को उम्मीद है कि आखिरी दिन प्रॉपर्टी टैक्स कलेक्शन रिकॉर्ड स्तर पर होगा।

4 परिसरों पर जड़ा ताला

बकाया प्रॉपर्टी टैक्स न चुकाने पर, जोन-6 के राजस्व विभाग की टीम ने बकाया संपत्तिकर के दौरान वार्ड 61 में चार आवासीय-सह-व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया। कार्रवाई शुरू होते ही, एक प्रॉपर्टी मालिक ने मौके पर ही 33,175 का आंशिक भुगतान कर दिया।नगर निगम अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि बकायादारों के खिलाफ आगे भी सीलबंदी और कुर्की जैसी कार्रवाई जारी रहेगी।(एजेंसी)

About The Author