बीच आसमान में कांपे मुसाफिर: टेकऑफ के तुरंत बाद 9000 फीट नीचे गिरा बोइंग 777, लंदन में कराई गई लैंडिंग
लंदन। ब्रिटेन की राजधानी लंदन से अमेरिका के शिकागो शहर के लिए रवाना हुए ब्रिटिश एयरवेज के एक अंतरराष्ट्रीय विमान में उस वक्त भारी अफरा-तफरी मच गई, जब उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद विमान ने बीच हवा में अचानक अपनी ऊंचाई खो दी। विमान तय ऊंचाई से लगभग 9,000 फीट तेजी से नीचे की ओर आ गया, जिसके बाद पायलट ने तत्काल आपात स्थिति की घोषणा करते हुए विमान को वापस लंदन की ओर मोड़ दिया।
‘कोड 7700’ से मचा हड़कंप, एटीसी को भेजी चेतावनी
विमानन गतिविधियों पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटराडार24’ के अनुसार, बोइंग 777-200ER विमान ने लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट स्थित टर्मिनल 5 से स्थानीय समयानुसार सुबह 11:50 बजे उड़ान भरी थी। लगभग पौने नौ घंटे के इस लंबे सफर के दौरान विमान जैसे ही अटलांटिक महासागर की ओर बढ़ते हुए आयरलैंड के हवाई क्षेत्र में पहुंचा, कॉकपिट से ‘कोड 7700’ सक्रिय कर दिया गया। एविएशन नियमों के तहत यह कोड विमान में किसी गंभीर व अप्रत्याशित इमरजेंसी का संकेत देता है।
तकनीकी खराबी की जांच जारी, टला बड़ा हादसा
विमान के इतनी तेजी से नीचे आने और अचानक इमरजेंसी घोषित करने की सटीक तकनीकी वजहें फिलहाल सामने नहीं आ सकी हैं। हालांकि, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को तुरंत हीथ्रो लौटने के निर्देश दिए। विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई है और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम अब इस गड़बड़ी के कारणों की पड़ताल कर रही है। विमानन क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच पायलट की सूझबूझ से एक बड़ा जोखिम टल गया।

