Fri. Aug 7th, 2026

Thailand School Shooting: थाईलैंड में सिरफिरे छात्र का तांडव, टीचर को मारी गोली, खुद को भी किया शूट; घटना में 7 की मौत

Thailand School Shooting: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के ठीक उत्तर में स्थित नोंथाबुरी प्रांत के बांग क्रुआई जिले के एक जाने-माने हाई स्कूल में शुक्रवार (7 अगस्त, 2026) को भारी अफरा-तफरी मच गई। आठवीं के एक छात्र ने स्कूल में घुसकर ताबड़तोड़ अंधाधुंध फायरिंग कर दी। छात्र ने पहले अपने टीचर को गोली मारी और फिर खुद को भी शूट कर लिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस भीषण गोलीबारी में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है और कम से कम 15 छात्र गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

क्लासरूम में मची भगदड़

घटना के वक्त स्कूल में आम दिनों की तरह पढ़ाई चल रही थी कि अचानक गोलियों की आवाज से पूरा परिसर थर्रा उठा। अचानक हुई फायरिंग के बाद छात्रों और शिक्षकों में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही राहत व बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

शिक्षा मंत्री की जांच के निर्देश और संवेदनशील अपील

घटना के बाद थाईलैंड के शिक्षा मंत्री प्रसर्ट चंतारारुआंगथोंग ने तुरंत स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थिति को जल्द से जल्द नियंत्रित करना और छात्रों, शिक्षकों तथा कर्मचारियों की सुरक्षा व स्वास्थ्य प्राथमिक जिम्मेदारी है।

शिक्षा मंत्री ने लोगों और मीडिया से अपील करते हुए कहा:

“कृपया घटना से जुड़ी संवेदनशील तस्वीरें, वीडियो या बिना पुष्टि वाली जानकारी शेयर न करें। इससे पीड़ित परिवारों और प्रभावित लोगों के अधिकारों, निजता और मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है।”

बंदूक संस्कृति पर उठे सवाल

इस घटना ने थाईलैंड में बंदूकों की बढ़ती मौजूदगी पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आंकड़े बताते हैं कि इस क्षेत्र में थाईलैंड में बंदूक रखने की दर सबसे ज्यादा है। अनुमान के मुताबिक देश में लगभग 1 करोड़ (10 मिलियन) बंदूकें चलन में हैं, यानी औसतन हर सात निवासियों पर एक बंदूक उपलब्ध है

About The Author