Shehzad Poonawalla Resigns: बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने दिया इस्तीफा, X प्रोफाइल से हटाया पार्टी का नाम
निजी कारणों का हवाला देकर पार्टी नेतृत्व को सौंपा इस्तीफा, सोशल मीडिया पर अपडेटेड बायो शेयर कर किया संकेत
Shehzad Poonawalla Resigns : बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इस्तीफा दे दिया है। शहजाद पूनावाला ने पार्टी नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। उन्होंने निजी कारणों का हवाला दिया है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
वहीं अब तक बीजेपी ने भी शहजाद के इस्तीफे पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। शहजाद पूनावाला ने अचानक अपने सोशल मीडिया X अकाउंट से पार्टी का नाम और अपना पद हटा दिया है। साथ ही अपने पोस्टर में “इंडिया फर्स्ट” की इमेज लगाई है।
X प्रोफाइल से हटाया BJP का नाम
शहजाद पूनावाला ने खुद को प्रधानमंत्री मोदी का Lifelong Follower बताया है। शहजाद पूनावाला के X प्रोफाइल से बीजेपी का उल्लेख हटने के बाद उनके इस्तीफे की अटकलें तेज हो गई हैं।
गुरुवार को शहजाद ने अपने अपडेटेड X बायो का स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें लिखा है
- धर्म – इस्लाम
- संस्कृति – हिंदू
- विचारधारा – भारतीय
- लेखक – GST की यात्रा
- पीएम नरेंद्र मोदी के आजीवन अनुयायी
कैप्शन में बस इतना लिखा, “मेरा अपडेटेड बायो।”
कांग्रेस से BJP तक का सफर
शहजाद पूनावाला ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस पार्टी से की थी। उन्होंने 2008 में कांग्रेस के साथ अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। वह NSUI के उपाध्यक्ष, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी मीडिया सेल की रिसर्च टीम के सदस्य और महाराष्ट्र कांग्रेस में सचिव के तौर पर काम किया।
2017 में उनके राजनीतिक करियर में एक बड़ा मोड़ आया, जब उन्होंने कांग्रेस के अंदर होने वाले अध्यक्ष पद के चुनाव को सबके सामने चुनौती दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने के लिए चुनाव में धांधली की गई थी। इसके बाद वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए और बाद में उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया।
सक्रिय राजनीति से दूरी की इच्छा
इस्तीफे से एक दिन पहले उन्होंने एक पुराना इंटरव्यू शेयर किया था, जिसमें उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूर होने की इच्छा जताई थी।
जनवरी 2025 के एक वीडियो क्लिप में शहजाद पूनावाला कहते सुनाई देते हैं कि राजनीतिक लक्ष्य और चुनावी लक्ष्य अलग-अलग होते हैं। उन्होंने कहा कि “यदि कोई सांसद नहीं बनता, तो इसका मतलब यह नहीं कि वह समाज और देश के लिए योगदान नहीं दे सकता।”
एक अन्य वीडियो में शहजाद पूनावाला कहते हैं कि उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद सक्रिय राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया था।
आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल शहजाद पूनावाला के बीजेपी छोड़ने को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा जरूर तेज है, लेकिन पार्टी या पूनावाला की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में उनके इस्तीफे को लेकर अंतिम स्थिति आधिकारिक बयान आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

