Bigg Boss 20: नॉमिनेशन के बाद लव गिल के पास पहुंचे स्काउट, सफाई देना पड़ा भारी; घरवाले भी हुए खिलाफ
Bigg Boss 20: बिग बॉस 20′ के इस वीकेंड का वार में सलमान खान की जगह निर्देशक रोहित शेट्टी ने घर की कमान संभाली और कंटेस्टेंट्स को करारा रियलिटी चेक दिया। इस दौरान रोहित शेट्टी ने स्काउट ओपी और लवप्रीत गिल (लव गिल) से खुलकर बात करते हुए बताया कि उनकी दोस्ती बाहर दर्शकों को बिल्कुल पसंद नहीं आ रही है। इसके अगले ही दिन शो में स्काउट की गर्लफ्रेंड काश्वी हीरानंदानी ने एंट्री ली और दोनों की क्लास लगाते हुए स्काउट को लव के साथ अपनी दोस्ती पूरी तरह खत्म करने की सख्त हिदायत दी। गर्लफ्रेंड का गुस्सा देखने के बाद स्काउट ने दो दिनों तक लवप्रीत से दूरी बनाए रखी, लेकिन अब उनका एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुद जाकर लव से बात करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
लव से क्या बोले स्काउट?
वायरल हो रहे वीडियो में स्काउट जिम एरिया में एक्सरसाइज कर रहीं लव गिल के पास जाते दिखते हैं। शुरुआत में लव उन्हें लगातार इग्नोर करती हैं, जिस पर स्काउट उन्हें एक्सरसाइज करने का तरीका बताने की कोशिश करते हैं। हालांकि, जब लव तब भी रिएक्ट नहीं करतीं, तो स्काउट उनके पास जाते हैं और कहते हैं कि, “मैं नहीं जानता कि तू मुझे भाई मानती है या नहीं, लेकिन मेरे लिए तू हमेशा मेरी बहन रहेगी। देख, जो कुछ बोला गया मुझे गलत लगा, इसलिए मैंने कटआउट कर दिया। मैं जानता हूं कि तुझे हर्ट हुआ है। लेकिन, यही बात है। तू समझती है तो बैठ जा नहीं तो जा।” इसके बाद स्काउट उन्हें हंसने से मना करते हैं, जिस पर लव मुस्कुरा देती हैं।
घरवाले और सोशल मीडिया यूजर्स ने की तीखी आलोचना
स्कआउट और लव की इस बातचीत को देखकर घर के बाकी सदस्य भी हैरान रह गए और इसे गलत ठहराया। उदिति और अरिश्फा ने चर्चा करते हुए कहा कि स्काउट को ऐसा नहीं करना चाहिए था, क्योंकि बाहर से कोई आकर उन्हें समझा गया है। वहीं गुल्लू और माही ने भी स्काउट के इस कदम की आलोचना की। दूसरी तरफ, वीकेंड का वार के तुरंत बाद हुए नॉमिनेशन टास्क में स्काउट ने खुद लव गिल को घर से बेघर होने के लिए नॉमिनेट कर दिया था। स्काउट के इस दोहरे रवैये से लव काफी आहत हुईं और फूट-फूटकर रोने लगीं। अब एक तरफ लव को नॉमिनेट करने और दूसरी तरफ जाकर सफाई देने के इस ड्रामे को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स ने स्काउट को आड़े हाथों लिया है और उन्हें जमकर ‘नौटंकीबाज’ तथा ‘चालाक’ बता रहे हैं।

