Wed. Sep 16th, 2026

हरदोई में सनसनीखेज वारदात, अवैध संबंधों के शक में युवक ने पत्नी की हत्या की

Hardoi Murder News: बुधवार तड़के हरदोई के कोतवाली नगर इलाके के इस्लाम नगर टिलिया में एक युवक ने अपनी पत्नी का गला काटकर उसकी मौके पर ही हत्या कर दी। अपराध करने के बाद युवक थाने गया और पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या की है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर जांच रिपोर्ट तैयार की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

आधीरात करीब दो बजे की हत्या

खबरों के मुताबिक, हरदोई के वेटगंज निवासी परवेज अपनी 28 वर्षीय पत्नी नगमा के साथ शहर के इस्लाम नगर टिलिया इलाके में किराए के मकान में रहते थे। मंगलवार रात की करीब 2 बजे, जब उनकी पत्नी नगमा गहरी नींद में सो रही थीं, तब युवक ने उनका गला काट दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

हत्या करने के बाद थाने पहुंचा पति

अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद, परवेज ने अपने खून से सने कपड़े उतारे, स्नान किया और थाने पहुंच गया। सुबह के वक्त थाने में सन्नाटा पसरा हुआ था। पुलिसकर्मी अपनी कुर्सियों पर सो रहे थे। परवेज जोर से चीखने लगा कि उसने अपनी पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी है, उसके इतना कहते ही कोतवाली में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, परवेज से पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि उसे शक था कि उसकी पत्नी नगमा का किसी और से अफेयर चल रहा है। वह अक्सर अपने प्रेमी से फोन पर बात करती थी। इस मुद्दे पर दोनों के बीच कई बार झगड़े भी हुए थे। परवेज ड्राइवर था और अक्सर घर से बाहर रहता था।

आरोपी पति को हिरासत में लिया

इसी दौरान परवेज ने चाकू से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया कि पारिवारिक बंटवारे के बाद परवेज ने अपना मकान बेच दिया था और करीब डेढ़ महीने से पत्नी के साथ किराये के मकान में रह रहा था। दोनों की शादी करीब 12 वर्ष पहले हुई थी। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।सीओ अजीत चौहान ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है। पंचनामा पूरा होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (एजेंसी)

About The Author