जंतर-मंतर प्रदर्शन पर पीएम मोदी का बयान, कहा ‘मुझे गालियां देने वाले बच्चों को भी माफ करता हूं’
PM Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर शुक्रवार देर रात एक अहम संदेश दिया। रात 11 बजे के कुछ ही देर बाद, पीएम मोदी इंस्टाग्राम पर लाइव आए और ‘जेन-जी’ (Gen-Z) को संबोधित किया। बातचीत के दौरान, उन्होंने इस दौरान कहा कि मैं बच्चों को माफ करना चाहता हूं।
पीएम मोदी ने कहा, ‘फ्रेंड्स, आज मेरा मन आपसे बस बातें करने का है। देश और दुनिया ने देखा है कि जंतर-मंतर पर क्या हुआ। कुछ शरारती बच्चों ने बहुत बुरी गालियां दीं, ऐसी भाषा जो किसी भी सभ्य समाज के लिए ठीक नहीं है। ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। मुझे गालियां दी गईं और मेरी दिवंगत मां को भी गालियां दी गईं।”
न जाने कितना भद्दा स्वरूप था। लेकिन, मैं आज बात करना चाहता हूं कि बचपन में गलतियां होती हैं और बचपन में गलतियों से सुधरने का अवसर भी होता है और यही तो बचपना है। इसलिए मैं समाज के अंदर जो आक्रोश है उसको भली भांति समझ सकता हूं। यह एक सांस्कृतिक झटके है, जो हमारी बेटियां ऐसी भाषा कैसे बोल सकती हैं?
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “अब समय आ गया है कि हम इन बच्चों को अपनाएं और उन्हें सही रास्ता दिखाएं… ये युवा भटक गए हैं और उन्हें सही राह दिखाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्हें सजा देने, अदालती कार्यवाही में उलझाने या सामाजिक रूप से परेशान करने से हालात नहीं बदलेंगे। मैं उन्हें माफ करना चाहता हूं। समाज को भी इस भावना को अपनाना चाहिए। क्योंकि मेरा एक ही मानना है कभी-कभी हमारी जीभ दांतों के बीच आ जाती है और कट जाती है, फिर भी हम दांत नहीं तोड़ते, क्योंकि दांत और जीभ दोनों ही हमारे अपने होते हैं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये बच्चे हमारे भी हैं और उन्हें सही रास्ता दिखाना हमारा फर्ज है, जो बच्चे भटक गए हैं, उन्हें सही राह दिखाना मुश्किल है, फिर भी ऐसे मुश्किल काम करने ही चाहिए। इसलिए, मैं इन बच्चों से कहता हूं, आइए, देश के लिए हम सब मिलकर आगे बढ़ें। आइए कुछ नया सीखें, अपनी गलतियों से सीखें और अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ें। देश आगे बढ़ने के लिए तैयार है और यह पक्का है कि आप भी तरक्की करेंगे। यही मेरा सपना है। मैं आपके लिए जीता हूं, मैं खुद को आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित करता हूं। आइए, हम सब मिलकर देश को आगे बढ़ाएं। दोस्तों, आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। बस अपनी गलतियों से सीखें और आगे बढ़ते रहें।
बता दें कि पीएम मोदी के इस वीडियो मैसेज को जंतर-मंतर पर हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा से जोड़ा जा रहा है। इसी से जुड़े एक मामले में, नोएडा में रुचिका नाम की 25 वर्षीय महिला के खिलाफ ‘जीरो FIR’ दर्ज की गई। इस मुद्दे ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है।
यह घटना 23 जुलाई, 2026 की है। उस दिन, बड़ी संख्या में छात्र और युवा दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान, रुचिका सिंह नाम की एक युवती का वीडियो सामने आया, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और अपमानजनक बातें कहती हुई दिखाई दी। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद इस पर कानूनी कार्रवाई की मांग उठने लगी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि युवती द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा प्रधानमंत्री के संवैधानिक पद की गरिमा के खिलाफ है और इससे समाज में वैमनस्य फैलने तथा सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका पैदा होती है। (एजेंसी)

