Bigg Boss 20: ‘हर साल होते होंगे तुम्हारे ब्रेकअप…’ स्काउट का उदिति पर पर्सनल अटैक, भड़के घरवाले
Bigg Boss 20: सलमान खान द्वारा होस्ट किया जाने वाला कॉन्ट्रोवर्शियल रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ इन दिनों दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। शो में जैसे-जैसे दिन बीत रहे हैं, कंटेस्टेंट्स के बीच का मुकाबला और गेम प्लान काफी दिलचस्प होता जा रहा है। हाल ही में सामने आए नए प्रोमो ने घर का पारा सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है, जहां कैप्टेंसी टास्क के दौरान जमकर क्लेश देखने को मिला।
स्काउट और अरिश्फा के बीच विवाद
सामने आए प्रोमो के मुताबिक, कैप्टेंसी टास्क के दौरान स्काउट (तन्मय सिंह) और अरिश्फा खान के बीच तीखी झड़प हो जाती है। स्काउट, अरिश्फा को चिढ़ाते हुए ‘सड़े हुए सेब’ कह देते हैं, जिससे अरिश्फा काफी भड़क जाती हैं और रोने लगती हैं।
उदिति की एंट्री और पर्सनल वार
अरिश्फा को रोता देख उदिति सिंह उनका समर्थन करने आगे आती हैं और स्काउट पर तंज कसती हैं कि वह ‘वीकेंड का वार’ की बातें भूल गए हैं। बात यहीं खत्म नहीं होती, उदिति बातचीत के दौरान स्काउट की गर्लफ्रेंड काशवी (Kashvi) का नाम घसीट लेती हैं।
यह बात स्काउट को नागवार गुजरती है और वह गुस्से में अपना आपा खो बैठते हैं। पलटवार करते हुए स्काउट उदिति के एक्स-बॉयफ्रेंड (करण वाही) को लेकर तंज कसते हैं और कहते हैं-
“तुम्हारे हर दो-तीन साल में ब्रेकअप्स होते होंगे, हमारे नहीं। अगर वो पर्सनल आएंगी, तो मैं भी आऊंगा।”
स्काउट की इन बातों को सुनकर घर के बाकी सदस्य भी उन पर भड़क जाते हैं। अब देखना यह होगा कि आज के एपिसोड में यह हाई-वोल्टेज ड्रामा कितना आगे बढ़ता है।
नॉमिनेशन की तलवार और घर के बचे सदस्य
इस हफ्ते के नॉमिनेशन में 6 कंटेस्टेंट्स के नाम सामने आए हैं, जिन पर खतरे की तलवार लटकी है:
- कुशल तंवर उर्फ गुल्लू
- कनिका मान
- तन्मय सिंह उर्फ स्काउट ओपी (ScoutOp)
- आसिफ खान
- लव गिल
- आम्रपाली दुबे
आपको बता दें कि शो से अब तक रोहेद खान, ईशा रिखी, रीति तिवारी, अमन गांधी, नकुल धुल (मिट्ठू डॉन) और मैरी कॉम बाहर हो चुके हैं। फिलहाल घर में माही विज, कनिका मान, आम्रपाली दुबे, खुशी दुबे, अरिश्फा खान, कुशल तंवर, स्काउटओपी, यंग डीएसए, आसिफ खान, काजी तौकीर, उदिति सिंह और मनीष गोयल जैसे दमदार कंटेस्टेंट्स बचे हुए हैं।

