Sat. Oct 31st, 2026

अब QR कोड से होगी ऑटो की पहचान, रायपुर पुलिस ने लागू किया नया नियम

Raipur E-Rickshaw Registration: राजधानी में ऑटो और ई-रिक्शा से सफर करने वाले यात्रियों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है। ई-रिक्शा के लिए शहर में 200 से ज्यादा नए स्टैंड बनेंगे। साथ ही अब शहर में चलने वाले हर पंजीकृत ई-रिक्शा और ऑटो पर क्यूआर कोड लगाया जाएगा। इस कोड को मोबाइल से स्कैन करते ही चालक की पूरी जानकारी यात्रियों के सामने होगी। यात्री चाहें तो सफर के दौरान यह जानकारी अपने परिजनों या परिचितों को भी भेज सकेंगे, जिससे उनकी लोकेशन और वाहन चालक की पहचान की जानकारी सुरक्षित रहेगी।

ई-रिक्शा रजिस्ट्रेशन अभियान के अंतर्गत आखिरी तारीख 5 जून तक राजधानी में कुल 13782 ई-रिक्शा का पंजीयन किया जा चुका था। ऑटो, ई-रिक्शा में लगे क्यूआर कोड में चालक का नाम, पता, मोबाइल नंबर, वाहन की जानकारी और पंजीयन संबंधी विवरण दर्ज रहेगा। इस अभियान के अंतर्गत सभी पंजीकृत चालकों को एक आईडी कार्ड प्रदान किया जाएगा।

प्रत्येक पुलिस थाना क्षेत्र में 20 से 25 ऑटो स्टैंड

इसी योजना के तहत राजधानी में ऑटो और ई-रिक्शा के लिए 200 से अधिक स्टैंड विकसित किए जाएंगे। पुलिस कमिश्नरेट की प्रारंभिक योजना के अनुसार प्रत्येक थाना क्षेत्र में 20 से 25 स्टैंड चिन्हित किए जाएंगे। इन स्टैंडों पर वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित की जाएगी, जिससे सड़कों पर बेतरतीब खड़े ई-रिक्शा और ऑटो की समस्या कम होगी। ट्रैफिक एसीपी व ई-रिक्शा रजिस्ट्रेशन अभियान के नोडल अधिकारी सतीश ठाकुर ने बताया कि 15 दिन के भीतर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में बड़ी सफलता मिली है। 13 हजार से अधिक वाहन चालकों ने अपनी जानकारी दी है। (एजेंसी)

About The Author

SKY TMT