मौसम विभाग का अनुमान, जल्द ही छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हो सकती है बारिश
CG Weather News: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और उमस के बीच मौसम में बदलाव आ रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में यह राज्य के कई हिस्सों तक पहुंच जाएगा। इसके परिणामस्वरूप, दक्षिणी और उत्तरी जिलों में बारिश बढ़ने की आशंका है।

शनिवार को राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। चंद्रपुर में सबसे अधिक 20 मिमी बारिश हुई, वहीं देवभोग, बस्तर और नवगढ़ में भी बारिश से सुहावना मौसम रहा। हालांकि, मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिले अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं।
मौसम विभाग के अनुसार बस्तर संभाग सहित सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कोंडागांव, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में दर्ज किया गया, जहां पारा 42.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
60 किमी प्रतिघंटा तक चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।अगले दो दिनों तक 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। राजधानी रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, धूलभरी आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, राज्य के आसपास सक्रिय विभिन्न मौसम प्रणालियों और चक्रवाती परिसंचरणों के प्रभाव के कारण, अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने, गरज के साथ बारिश और हल्की वर्षा होने की संभावना है। कई क्षेत्रों में तेज हवाएं और गरज के साथ बारिश भी हो सकती है।
राजधानी रायपुर में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। शहर में बादल छाए रहने, गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से जारी पूर्वानुमानों के बावजूद बारिश नहीं हुई है, जिससे लोग गर्मी से राहत का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है। (एजेंसी)

