पवन सिंह पर बोले भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव- “मैं किसी का चमचा नहीं हूं”
पॉडकास्ट में संघर्ष, करियर, पवन सिंह से रिश्ते और काजल राघवानी के साथ पुराने संबंधों पर ट्रेंडिंग स्टार ने रखी अपनी राय
भोजपुरी सिनेमा के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपने करियर, निजी जीवन और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने भोजपुरी स्टार पवन सिंह के साथ अपने रिश्तों और इंडस्ट्री में प्रतिस्पर्धा को लेकर भी बेबाक राय रखी।
पवन सिंह को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में खेसारी लाल यादव ने कहा कि सच बात हर किसी को अच्छी नहीं लगती। उन्होंने कहा कि वह किसी के समर्थक नहीं हैं और गलत बात पर सहमति नहीं जता सकते। खेसारी ने कहा कि वह पवन सिंह के किसी भी फैसले का आंख मूंदकर समर्थन करने वालों में शामिल नहीं हैं।
अपने फिल्मी सफर का जिक्र करते हुए खेसारी ने कहा कि वह पवन सिंह के बाद भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में आए, लेकिन अब तक उनसे ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि पवन सिंह ने कभी कहा था कि वह उनके साथ काम नहीं करेंगे, इसके बावजूद उन्होंने लगातार अपने दम पर काम किया। खेसारी ने कहा कि उन्होंने पवन सिंह के साथ केवल एक फिल्म में काम किया है।
भोजपुरी इंडस्ट्री में पवन सिंह और खेसारी लाल यादव के बीच लंबे समय से बयानबाजी और प्रतिस्पर्धा की चर्चा होती रही है। हालांकि सार्वजनिक मंचों पर दोनों कलाकार एक-दूसरे को भाई बताते हैं और सम्मान भी देते नजर आते हैं। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान भी दोनों के बीच कई बार जुबानी तकरार देखने को मिली थी।
पॉडकास्ट के दौरान खेसारी लाल यादव ने अभिनेत्री काजल राघवानी के साथ अपने पुराने रिश्तों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि जिस तरह पहले काजल उनके लिए अच्छी थीं, आज भी वैसी ही हैं। प्यार और रिश्तों पर अपनी राय रखते हुए खेसारी ने कहा कि कई बार इंसान को प्यार से ज्यादा किसी की आदत हो जाती है।
गौरतलब है कि एक समय भोजपुरी सिनेमा में खेसारी लाल यादव और काजल राघवानी की जोड़ी सबसे लोकप्रिय मानी जाती थी। दोनों ने कई हिट फिल्मों में साथ काम किया था और उनके रिश्तों को लेकर भी काफी चर्चाएं होती थीं। बाद में दोनों के बीच मतभेद सामने आए और काजल राघवानी ने खेसारी पर कई गंभीर आरोप लगाए थे।
बातचीत के दौरान खेसारी ने अपने संघर्ष के दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि उनका बचपन आर्थिक चुनौतियों के बीच बीता। उनके पिता दिल्ली में मजदूरी करते थे, जबकि वह गांव में अपने चाचा के साथ रहते थे। खेसारी ने कहा कि बचपन में वह घर-घर जाकर दूध बेचा करते थे और इसी दौरान संगीत सीखने और गाने का अभ्यास भी करते रहे।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2004 से 2007 के बीच दिल्ली के ओखला इलाके में उन्होंने लिट्टी-चोखा की दुकान भी चलाई। दिन में दुकान संभालते थे और रात में गायकी का अभ्यास करते थे। खेसारी ने कहा कि संघर्ष और मेहनत ने ही उन्हें आज इस मुकाम तक पहुंचाया है।

