एक तरफ पुलिस की घेराबंदी, दूसरी तरफ वीडियो में सफाई! शिवा शर्मा केस में श्रद्धा दुबे पर इनाम दोगुना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित शिवा शर्मा मौत मामले में जांच एजेंसियों ने फरार आरोपियों पर शिकंजा और कस दिया है। लखनऊ पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रही मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे और उसके सहयोगियों पर घोषित इनाम की राशि को दोगुना करते हुए 50-50 हजार रुपये कर दिया है। इससे पहले पुलिस कमिश्नरेट की ओर से इन आरोपियों की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, लेकिन लगातार दबिश के बावजूद आरोपियों के हाथ न आने पर इनाम की राशि बढ़ा दी गई है।
सीजेएम कोर्ट से जारी हो चुका है गैर-जमानती वारंट
मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ की मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) अदालत ने मॉडल श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और तनवीर अली उर्फ दानिश के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया हुआ है। पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। इस बीच खुफिया सूचनाओं और चर्चाओं के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए श्रद्धा दुबे के नेपाल सीमा पार कर वहां शरण लेने की आशंका जताई जा रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मॉडल ने नकारे आरोप
पुलिस की सक्रियता और कानूनी शिकंजे के बीच आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे ने सोशल मीडिया पर एक और वीडियो जारी कर खुद को बेकसूर बताया है। वीडियो में श्रद्धा ने कहा कि शिवा की मौत हत्या नहीं बल्कि आत्महत्या थी और इस घटना से उसका कोई आपराधिक संबंध नहीं है। उसने दावा किया कि उसने अपनी आंखों के सामने शिवा को बालकनी से नीचे कूदते देखा था। इसके अलावा श्रद्धा ने आरोप लगाया कि शिवा भारी आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहा था और उस पर करीब 15 से 20 लाख रुपये का कर्ज था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
मृतक की मां का दावा: ‘कर्ज नहीं, साजिश के तहत हुआ कत्ल’
दूसरी तरफ, मृतक शिवा शर्मा की मां ने पुलिस में दी गई अपनी शिकायत में इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है। मां का सीधा आरोप है कि श्रद्धा दुबे और उसके साथियों ने मिलकर शिवा की जान ली है और अब इसे खुदकुशी का रूप देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने श्रद्धा को शिवा का लिव-इन पार्टनर बताते हुए कहा कि आपसी विवाद और आर्थिक मामलों के चलते उनके बेटे की हत्या की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इनाम की राशि बढ़ाए जाने के साथ ही सर्विलांस और अन्य माध्यमों से फरार आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

