सावधान! रायपुर IPL मैच के टिकट के नाम पर ठगी, 8 हजार का टिकट 25 हजार में बिक रहा
राजधानी रायपुर में 10 मई को होने वाले Royal Challengers Bengaluru और Mumbai Indians के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। आधिकारिक टिकट बिक्री शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में सभी टिकट खत्म हो गए, जिससे मांग और ज्यादा बढ़ गई है।
टिकट ब्लैक मार्केटिंग में दलाल सक्रिय
ऑनलाइन टिकट खत्म होते ही अब बाजार में दलालों की एंट्री हो गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, खासकर Instagram के जरिए टिकटों की खुलेआम कालाबाजारी की जा रही है।
दलाल बिना किसी डर के लोगों से संपर्क कर रहे हैं और ऊंचे दामों पर टिकट बेचने का ऑफर दे रहे हैं। कई मामलों में ग्राहकों से पहले ऑनलाइन भुगतान करने की शर्त रखी जा रही है, जिसके बाद ईमेल के जरिए टिकट भेजने का दावा किया जा रहा है। भरोसा जीतने के लिए ये लोग फर्जी चैट और ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट भी दिखा रहे हैं।
10 मई के मैच की भारी डिमांड
इस मुकाबले को लेकर फैंस में जबरदस्त दीवानगी है। खासतौर पर Virat Kohli और Rohit Sharma जैसे स्टार खिलाड़ियों के कारण टिकटों की मांग आसमान छू रही है। यही वजह है कि आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर टिकट कुछ ही मिनटों में खत्म हो गए।
13 मई के मैच में नहीं दिख रहा उत्साह
वहीं दूसरी ओर 13 मई को Royal Challengers Bengaluru और Kolkata Knight Riders के बीच होने वाले मैच को लेकर दर्शकों का उत्साह फीका नजर आ रहा है।
स्थिति यह है कि इस मुकाबले की लगभग 50 प्रतिशत टिकटें अब भी नहीं बिक पाई हैं। स्टेडियम के कई स्टैंड्स में हजारों सीटें खाली हैं, जबकि आधिकारिक वेबसाइट पर टिकट आसानी से उपलब्ध हैं।
पहले भी दिख चुका है ऐसा ट्रेंड
क्रिकेट प्रेमियों के बीच स्टार खिलाड़ियों का क्रेज नया नहीं है। दिसंबर 2025 में हुए वनडे मैच के दौरान टिकट मिनटों में बिक गए थे, जबकि जनवरी 2026 के टी-20 मुकाबले में टिकट बिक्री धीमी रही थी।
ठीक इसी तरह अब IPL मैचों में भी देखा जा रहा है कि बड़े खिलाड़ियों वाले मुकाबलों में जबरदस्त भीड़ उमड़ती है, जबकि अन्य मैचों में दर्शकों की रुचि कम हो जाती है।
फैंस के लिए सावधानी जरूरी
टिकटों की कालाबाजारी के बीच फैंस को सतर्क रहने की जरूरत है। सोशल मीडिया पर सक्रिय दलालों के झांसे में आने से बचना चाहिए और केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही टिकट खरीदना सुरक्षित माना जा रहा है।
READ MORE : अब ऐप्स नहीं, AI करेगा सब काम! OpenAI ला रहा फ्यूचर स्मार्टफोन

