Wed. Jun 10th, 2026

बलौदा बाजार में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में सामग्री जब्त

ग्राम संडी में ग्रामीणों की सतर्कता से हुआ खुलासा, 360 लीटर मसाला पाव और नकली शराब बनाने का सामान बरामद, विभागीय जांच तेज

 

बलौदा बाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार-भाटापारा जिले के पलारी विकासखंड के ग्राम संडी में अवैध रूप से नकली शराब बनाने और उसकी बिक्री का बड़ा मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता के चलते आबकारी विभाग ने छापेमारी कर भारी मात्रा में संदिग्ध शराब, रंगीन द्रव्य, खाली बोतलें और अन्य सामग्री बरामद की है। मामले में शासकीय शराब दुकान से जुड़े एक सुपरवाइजर की संलिप्तता सामने आने के बाद जांच और तेज कर दी गई है।

 

ग्रामीणों की सूचना पर हुई कार्रवाई

 

जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात गांव के लोगों ने दो युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते देखा। पूछताछ के दौरान उनके पास से शराब बरामद हुई, जिस पर ग्रामीणों ने नकली होने का संदेह जताया। इसके बाद आबकारी विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने दोनों युवकों की निशानदेही पर एक मकान में छापेमारी की, जहां से बड़ी मात्रा में नकली शराब बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री बरामद की गई।

 

360 लीटर मसाला पाव समेत बड़ी जब्ती

 

जिला आबकारी अधिकारी मुकेश अग्रवाल के अनुसार, कार्रवाई के दौरान करीब 360 लीटर मसाला पाव, 15 लीटर रंगीन पदार्थ, बड़ी संख्या में खाली शराब की शीशियां, ढक्कन और अन्य संदिग्ध सामग्री जब्त की गई है। प्रारंभिक जांच में लंबे समय से यहां अवैध रूप से शराब तैयार कर बाजार में सप्लाई किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

 

आरोपी के फरार होने की चर्चा

 

ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, आबकारी विभाग को सौंपे गए दो आरोपियों में से एक युवक कार्रवाई के दौरान फरार हो गया। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर खड़ी एक आर्टिका कार में नकली होलोग्राम और नकदी रखी हुई थी, जिसे लेकर आरोपी भाग निकला। हालांकि आबकारी विभाग ने आधिकारिक तौर पर किसी आरोपी के फरार होने की पुष्टि नहीं की है।

 

शराब दुकान के सुपरवाइजर से पूछताछ

 

जांच के दौरान ग्राम संडी स्थित शासकीय शराब दुकान में प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से कार्यरत एक सुपरवाइजर का नाम सामने आया है। आबकारी विभाग ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही संबंधित प्लेसमेंट एजेंसी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

 

वायरल वीडियो और ग्रामीणों के आरोप

 

ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने दोनों युवकों को पकड़कर विभाग के हवाले किया था। ऐसे में एक आरोपी के गायब होने से विभागीय कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल होने की भी चर्चा है। हालांकि विभाग का कहना है कि यदि कोई आरोपी फरार हुआ है तो उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

 

गौरतलब है कि बलौदा बाजार-भाटापारा जिले में पहले भी नकली शराब और अवैध शराब बनाने की सामग्री बरामद होने के कई मामले सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के आरोप लगते रहे हैं। अब ग्राम संडी में हुए इस खुलासे के बाद लोगों की नजर आबकारी विभाग की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

 

About The Author