CM Sai Singapore Visit: सिंगापुर से लौटे सीएम विष्णुदेव साय, छत्तीसगढ़ को मिले 43,600 करोड़ के विदेशी निवेश प्रस्ताव; सभी MoU धरातल पर उतरेंगे
CM Sai Singapore Visit: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर के तीन दिवसीय दौरे (3 से 6 अक्टूबर) को पूरा करने के बाद राजधानी रायपुर लौट आए हैं। रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने अपने इस दौरे को बेहद सफल बताया और राज्य के विकास से जुड़ी बड़ी जानकारियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंगापुर में आयोजित ‘इंडिया ग्रोथ फोरम 2026’ कार्यक्रम में उन्होंने वैश्विक उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के सामने छत्तीसगढ़ में निवेश की अपार संभावनाओं को रखा, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
43,600 करोड़ रुपये के मिले निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री साय ने जानकारी दी कि इस दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए कुल 43 हजार 600 करोड़ रुपये के प्रस्ताव मिले हैं। सिंगापुर के उद्योग जगत के दिग्गजों के साथ हुई सकारात्मक चर्चा के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ आने का आमंत्रण भी दिया गया है। सरकार का मानना है कि इन प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
किन सेक्टरों में मिला सबसे बड़ा निवेश?
विदेशी निवेशकों द्वारा छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में रुचि दिखाई गई है, जिनमें प्रमुख हैं:
- एनर्जी सेक्टर: सिंगापुर दौरे के दौरान ‘एनर्जी कैपिटल ग्लोबल’ की ओर से 41 हजार 750 करोड़ रुपये का सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव मिला है।
- सोलर व बैटरी स्टोरेज: ‘सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी’ की ओर से सोलर सेक्टर, बैटरी स्टोरेज और उससे जुड़े कंपोनेंट्स के क्षेत्र में करीब 1,500 करोड़ रुपये निवेश करने का प्रस्ताव आया है।
- एग्री बिजनेस: ‘एग्री बिजनेस वैल्यू इंटरनेशनल’ कंपनी ने कृषि व्यवसाय के क्षेत्र में करीब 350 करोड़ रुपये के निवेश की इच्छा जताई है।
- IT एजुकेशन: इसके अलावा IT एजुकेशन सर्विस के साथ भी महत्वपूर्ण MoU (समझौता ज्ञापन) हुआ है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान विश्व प्रसिद्ध कौशल विकास मॉडल वाले IT परिसर का भी भ्रमण किया।
सभी समझौते धरातल पर उतरेंगे – CM साय
विपक्ष और जनता के मन में उठने वाले सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार जो भी MOU कर रही है, उसकी पूरी जांच-परख की जा रही है। उन्होंने प्रदेश की जनता को आश्वस्त किया कि इन सभी समझौतों को जमीन पर उतारा जाएगा और इसका सीधा लाभ छत्तीसगढ़ की जनता को मिलेगा।
‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम का भी किया जिक्र
इस दौरान सीएम साय ने बीजेपी के ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम पर भी बात की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देश भर में सेवा संकल्प अभियान के तहत 13 तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पीएम मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभाली थी। इसी कड़ी में आज आयोजित होने वाले ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री देशवासियों को संबोधित करेंगे, जिसे प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में सुना जाएगा।

