Tue. Oct 6th, 2026

पंजाब में CBI की बड़ी कार्रवाई, भगंवत मान के ओएसडी के घर छापा, CM ने BJP पर साधा निशाना

चंडीगढ़। पंजाब के राजनीतिक गलियारों में उस समय हड़कंप मच गया जब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मंगलवार शाम चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित मुख्यमंत्री भगवंत मान के आधिकारिक कैंप ऑफिस (कोठी नंबर 50) पर अचानक छापेमारी की। अर्धसैनिक बल सीआरपीएफ के जवानों के कड़े पहरे में पहुंची जांच एजेंसी की टीम ने दफ्तर में मौजूद तमाम फाइलों और रिकॉर्ड्स की पड़ताल शुरू की। इसके साथ ही मोहाली और संगरूर जिले के घराचों में तैनात मुख्यमंत्री के ओएसडी राजवीर घुम्मन के ठिकानों पर भी एक साथ दबिश दी गई।

हाईकोर्ट के निर्देश पर दर्ज हुआ था केस, सुप्रीम कोर्ट पहुंचने से पहले कार्रवाई

जांच एजेंसी का यह पूरा एक्शन पंजाब में सामने आए कथित ‘कैश फॉर पोस्टिंग’ और टेंडर घोटाले से जुड़ा हुआ है। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने एक जनहित याचिका पर फैसला सुनाते हुए इस संवेदनशील भ्रष्टाचार मामले की जांच सीबीआई को सौंपी थी और दो महीने में जांच रिपोर्ट पेश करने को कहा था। पंजाब सरकार ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देते हुए देर रात याचिका दायर की थी और जल्द सुनवाई की मांग की थी, लेकिन शीर्ष अदालत के रुख से पहले ही सीबीआई ने अपनी कार्रवाई को अंजाम दे दिया।

‘बदनाम करने के लिए हो रहा एजेंसियों का इस्तेमाल’

अपने कैंप ऑफिस पर हुई इस छापेमारी के तुरंत बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कड़ा ऐतराज जताते हुए केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी बौखलाहट में है और पंजाब में सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का सहारा ले रही है। मान ने कहा कि प्रदेश की जनता से मिल रहे अपार स्नेह और भरोसे से घबराकर ही विपक्षी पार्टियां इस तरह के हथकंडे अपना रही हैं।

About The Author

इन्हें भी पढ़े