बृजभूषण शरण सिंह के बेटे को जान से मारने की धमकी, फोन कॉल से मचा हड़कंप
Brij Bhushan Singh Death Threat: पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के पुत्र और गोंडा से विधायक प्रतीक भूषण सिंह को जान से मारने की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि धमकी भरा फोन राजस्थान से आया था। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना दो दिन पहले की है जब विधायक प्रतीक भूषण सिंह को उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले ने विधायक को जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से विधायक के सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय समर्थकों में चिंता बढ़ गई है।

कौन है धमकी देने वाला शख्स?
पुलिस ने बताया कि विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह ने गोंडा के कोतवाली नगर में इस मामले को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने स्पष्ट रूप से धमकियों का आरोप लगाया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मुख्य संदिग्ध की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के निवासी संदीप शर्मा के रूप में हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, कोतवाली नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रहा है और साथ ही धमकी भरे फोन कॉल की तकनीकी सत्यता और विधायक को दी गई धमकी के पीछे के कारणों की गहन जांच कर रहा है।
शिकायत में कहा गया है कि बृजभूषण शरण सिंह और उनका परिवार पहले से ही अंतरराष्ट्रीय गिरोहों और संगठनों के निशाने पर हैं। कुख्यात अपराधी समय-समय पर ऐसे प्रयास करते रहे हैं, जिनसे विधायक प्रतीक भूषण के परिवार की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
रविवार दोपहर को आई कॉल
अब तक मिली जानकारी के अनुसार, प्रतीक भूषण को रविवार, 14 जून को दोपहर लगभग 2:22 बजे एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन पर उन्हें बताया गया कि पिता-पुत्र के लिए व्यवस्था कर दी गई है। मामले की गंभीरता को समझते हुए, विधायक ने तुरंत गोंडा के पुलिस अधीक्षक को सूचना दी। जांच के बाद पुलिस ने पाया कि आरोपी राजस्थान का निवासी है। (एजेंसी)

