Sat. May 23rd, 2026

नौसेना में अधिकारी बनने का सुनहरा मौका: युवाओं के लिए बड़ा अवसर, ऐसे होगा चयन

भारतीय नौसेना भर्ती 2026

भारतीय नौसेना ने 10+2 (B.Tech) कैडेट एंट्री स्कीम 2026 के तहत स्थायी कमीशन अधिकारी पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 60 पद भरे जाएंगे, जिनमें मैकेनिकल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के लिए बराबर सीटें निर्धारित की गई हैं।

आवेदन प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तिथियां

इस भर्ती के लिए योग्य अविवाहित पुरुष और महिला उम्मीदवार 29 मई 2026 से 18 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया भारतीय नौसेना की आधिकारिक वेबसाइट Join Indian Navy के माध्यम से पूरी की जाएगी। यह अवसर उन युवाओं के लिए विशेष है जो तकनीकी शिक्षा के साथ भारतीय नौसेना में अधिकारी बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं।

योग्यता और पात्रता मानदंड

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का अविवाहित होना आवश्यक है। प्रशिक्षण अवधि के दौरान विवाह करने पर उम्मीदवार की उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी और प्रशिक्षण पर हुए खर्च की वसूली भी की जा सकती है। शैक्षणिक योग्यता के अनुसार उम्मीदवार के 10+2 में फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स (PCM) विषयों में न्यूनतम 70% अंक होना जरूरी है। इसके अलावा अंग्रेजी विषय में कम से कम 50% अंक आवश्यक हैं। साथ ही उम्मीदवार का JEE Main 2026 परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है और चयन प्रक्रिया JEE Main की ऑल इंडिया रैंक (CRL) के आधार पर होगी।

चयन प्रक्रिया की पूरी जानकारी

शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को SSB इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। SSB में सफल होने के बाद मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा, जिसमें फिटनेस मानकों में किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी। जो उम्मीदवार पहले से NDA या INA के लिए मेडिकल फिट घोषित हो चुके हैं, उन्हें दोबारा मेडिकल टेस्ट से छूट मिल सकती है।

आवेदन कैसे करें

उम्मीदवारों को सबसे पहले भारतीय नौसेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद “Officer Entry” सेक्शन में जाकर 10+2 B.Tech Cadet Entry Scheme 2026 नोटिफिकेशन खोलना होगा। रजिस्ट्रेशन करके लॉगिन बनाएं और ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरें। फॉर्म में JEE Main 2026 की CRL रैंक दर्ज करना जरूरी है। सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंट सुरक्षित रखें।

About The Author