Coal Mine Explosion: कोयला खदान में बड़ा हादसा, गैस विस्फोट में 90 मजदूरों की मौत
शांक्सी प्रांत की खदान में हुआ भीषण विस्फोट, कई मजदूर घायल; राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दिए जांच और बचाव अभियान के निर्देश
उत्तरी चीन में एक बड़ा औद्योगिक हादसा सामने आया है। शांक्सी प्रांत के क्विनयुआन काउंटी स्थित एक कोयला खदान में गैस विस्फोट होने से 90 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
चीनी सरकारी मीडिया के अनुसार, अब तक 201 खनिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। बचाव दल लगातार मलबे में फंसे मजदूरों की तलाश में जुटे हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
चीन के राष्ट्रपति Xi Jinping ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए व्यापक बचाव अभियान चलाने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जाए और लापरवाही पाए जाने पर कानून के अनुसार जिम्मेदारी तय की जाए।
राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि इस हादसे से पूरे देश को सबक लेने की जरूरत है। उन्होंने कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने, संभावित जोखिमों की पहचान करने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने पर जोर दिया।
गौरतलब है कि चीन में कोयला खदानों में सुरक्षा को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। कई बार खराब सुरक्षा व्यवस्था, गैस रिसाव और तकनीकी लापरवाही के कारण बड़े हादसे हो चुके हैं। इस ताजा दुर्घटना ने एक बार फिर खदानों में सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

