Sat. May 23rd, 2026

Rozgar Mela 2026: पीएम मोदी ने 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

PM Modi ने कहा आज पूरी दुनिया भारत के युवाओं और देश की तकनीकी ताकत को नए नजरिए से देख रही है।

 

प्रधानमंत्री Narendra Modi ने शनिवार को आयोजित 19वें रोजगार मेले में देशभर के 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र सौंपे। यह रोजगार मेला देश के 47 शहरों में आयोजित किया गया, जहां चयनित युवाओं को रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग, वित्तीय सेवा और उच्च शिक्षा समेत कई सरकारी विभागों में नियुक्ति मिली।

 

प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में शामिल हुए और युवाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत के युवाओं और देश की तकनीकी ताकत को नए नजरिए से देख रही है। पीएम मोदी ने बताया कि इससे पहले आयोजित 18 रोजगार मेलों में करीब 12 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि नौकरी पाने वाले युवा सिर्फ अपने करियर की शुरुआत नहीं कर रहे, बल्कि देश की विकास यात्रा के अहम भागीदार भी बन रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि यही युवा विकसित भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

 

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने युवाओं की मेहनत और परिवार के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी पाने के लिए लंबे समय तक मेहनत करनी पड़ती है और इसमें परिवार का भी बड़ा सहयोग होता है। उन्होंने चयनित युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि यह सिर्फ नौकरी नहीं बल्कि देश सेवा का अवसर है।

 

प्रधानमंत्री ने अपनी हालिया विदेश यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया भारत की तकनीकी प्रगति और युवाओं को लेकर बेहद उत्साहित है। उन्होंने बताया कि नीदरलैंड्स के साथ सेमीकंडक्टर और कृषि, स्वीडन के साथ AI और डिजिटल इनोवेशन, नॉर्वे के साथ ग्रीन टेक्नोलॉजी और समुद्री सहयोग पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई है।

 

उन्होंने कहा कि आने वाले दशकों में टेक्नोलॉजी, ग्रीन एनर्जी और डिजिटल सेक्टर वैश्विक विकास को दिशा देंगे और भारत के युवा इसमें बड़ी भूमिका निभाएंगे।

 

About The Author