Sat. Sep 19th, 2026

ASIAN GAMES 2026: नागोया में खेल एशियन गेम्स का आगाज, मनु भाकर और पवन सहरावत ने की भारतीय दल की अगुवाई

नागोया। जापान के नागोया शहर स्थित मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में शनिवार, 19 सितंबर को 20वें एशियाई खेल का शानदार और तकनीकी रूप से उन्नत आगाज हो गया। करीब दो घंटे तक चले इस भव्य उद्घाटन समारोह में जापानी परंपरा और आधुनिकता का बेजोड़ संगम दिखा। जापान के सम्राट नारुहितो ने महारानी मासाको, ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया के अध्यक्ष शेख जुआन बिन हमद अल थानी और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की अध्यक्ष कर्स्टी कोवेंट्री की मौजूदगी में खेलों के शुरू होने की आधिकारिक घोषणा की।

राष्ट्रगान, जगमगाता स्टेडियम और 46 दलों का मार्च पास्ट

सेरेमनी की शुरुआत जापान के राष्ट्रगान और राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। जापान की सेल्फ डिफेंस फोर्स के 9 जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज को मंच तक पहुंचाया, जिसके बाद स्टेडियम की सभी लाइटें बुझाकर सिर्फ तिरंगे पर स्पॉटलाइट डाली गई। इसके बाद आयोजित एथलीट परेड में 45 देशों और ओसीए रिफ्यूजी टीम समेत कुल 46 दलों ने मार्च किया। अफगानिस्तान दल सबसे आगे रहा, जबकि एशिया की खेल महाशक्ति चीन ने 800 से अधिक खिलाड़ियों के सबसे बड़े दल के साथ मैदान में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।

मनु भाकर और पवन सहरावत ने थामा भारतीय तिरंगा

भारतीय दल की अगुवाई पेरिस ओलंपिक में दो बार पदक जीतने वाली शूटर मनु भाकर और हांगझोऊ एशियन गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट कबड्डी स्टार पवन सहरावत ने की। दोनों एथलीट पारंपरिक नेवी ब्लू यूनिफॉर्म में भारतीय तिरंगा थामे हुए आगे बढ़े। उद्घाटन समारोह से ठीक पहले शॉटपुट स्टार ताजिंदरपाल सिंह तूर को जरूरी आधिकारिक किट समय पर न मिल पाने के कारण वह समारोह में शामिल नहीं हो सके, जिसके चलते आखिरी समय पर पवन सहरावत को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई।

ओपनिंग से पहले ही भारत ने दर्ज की दमदार जीत

उद्घाटन समारोह से पूर्व ही कई स्पर्धाएं शुरू हो चुकी थीं, जहां भारतीय खिलाड़ियों ने धमाकेदार शुरुआत की है। महिला क्रिकेट में कप्तान हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में भारत ने मेजबान जापान को 8 विकेट से एकतरफा मात देकर सीधे सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इसके अलावा, पहली बार एशियन गेम्स में शामिल किए गए खेल टेकबॉल के महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में भारत की क्विम्सी डी’सूजा को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन वह अब देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले में उतरेंगी। यह 16 दिवसीय खेल महाकुंभ 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें 43 विभिन्न खेलों में 469 स्वर्ण पदकों के लिए करीब 11,000 एथलीट अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

About The Author

इन्हें भी पढ़े