CM भगवंत मान के काफिले पर टमाटर-अंडे फेंकने की कोशिश, भाजपा नेता रवनीत बिट्टू हिरासत में
Ravneet Bittu News: शनिवार को पंजाब के लुधियाना में मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले को लेकर हंगामा हो गया। बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आरोप है कि वह मुख्यमंत्री के काफिले पर टमाटर और अंडे फेंकने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने बिट्टू को पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) के गेट के पास हिरासत में लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजे हुई।
PAU गेट से पुलिस ने हिरासत में लिया
खबरों के मुताबिक, भगवंत मान का काफिला पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के पास से गुजर रहा था। उसी समय रवनीत बिट्टू वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें PAU गेट से हिरासत में लेकर वहां से हटा दिया। बताया जा रहा है कि बिट्टू मुख्यमंत्री के काफिले के बहुत करीब नहीं पहुंच पाए, हालांकि वे यूनिवर्सिटी गेट तक पहुंचने में कामयाब रहे। बिट्टू पर आरोप है कि उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले पर टमाटर और अंडे फेंकने की कोशिश की। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया।
आम आदमी पार्टी ने शनिवार को लुधियाना में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया था, जिसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और मनीष सिसोदिया समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने का कार्यक्रम था। नेता इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए लुधियाना पहुंच रहे थे। इसी दौरान, मुख्यमंत्री भगवंत मान का काफिला पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) के पास से गुजरने वाला था। तभी, बीजेपी नेता और रेल राज्य मंत्री रह चुके रवनीत सिंह बिट्टू हाथ में टमाटर लेकर वहां पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक दिया और मुख्यमंत्री के काफिले की ओर आगे बढ़ने नहीं दिया।
एक दिन पहले की घटना से जुड़ा मामला
खबर है कि घटनाओं का यह पूरा सिलसिला शुक्रवार को हुई एक घटना से शुरू हुआ। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर बटाला के पास रवनीत बिट्टू के काफिले पर अंडे और टमाटर फेंकने का आरोप लगा था। बिट्टू शनिवार को उसी घटना के विरोध में लुधियाना पहुंचे। उन्होंने कहा कि अपने काफिले के साथ जो हुआ, उसके विरोध में वह भी मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले के सामने टमाटर लेकर पहुंचे। (एजेंसी)

