एआर रहमान के बेटे अमीन का रोड एक्सीडेंट, चेन्नई में पोर्श कार जब्त
AR Rahman’s son: भारतीय सिनेमा के दिग्गज संगीतकार ए.आर. रहमान के बेटे अमीन एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। 23 वर्षीय अमीन की लग्जरी पोर्श कार सोमवार तड़के चेन्नई के गिंडी स्थित ओलंपिया टेक पार्क सिग्नल के पास एक रैपिडो वैगन-आर से टकरा गई। उन्हें मामूली चोटें आईं। उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया और उन्हें छुट्टी दे दी गई। अब वे घर लौट चुके हैं। दूसरी ओर, पुलिस ने इस वारदात की जांच शुरू कर दी है। घटना सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे की है। अड्यार ट्रैफिक इन्वेस्टिगेशन विंग की पुलिस ने दोनों ही गाड़ियां जब्त कर ली हैं और मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना तब घटी जब वैगन-आर एक तरफा सड़क से मुख्य सड़क पर आ गई और पोर्श से टकरा गई। अमीन के साथ उसका दोस्त भी कार में था। दोनों को कावेरी अस्पताल ले जाया गया। वैगन-आर में सवार यात्री भी घायल हो गया और उसे कलाईगनार सेंटेनरी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसे भी छुट्टी दे दी गई।
-1786339874850.webp)
अमीन के साथ कार में सवार था दोस्त
न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, अमीन और उसके दोस्त को कोई गंभीर चोट नहीं आई। दूसरी कार में सवार लोगों को भी कोई चोट नहीं आई। अड्यार ट्रैफिक इन्वेस्टिगेशन विंग ने टक्कर के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अमीन जिस पोर्श मॉडल को चला रहा था, उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि, रहमान परिवार के पास पहले से ही एक पोर्श टायकन है। 2022 में, एआर रहमान ने अपनी बेटियों खतीजा रहमान और रहीमा रहमान की एक नई इलेक्ट्रिक पोर्श टायकन के साथ तस्वीर साझा की थी।
लगभग ₹1.53 करोड़ है कार की कीमत
‘ARR स्टूडियोज’ लाइसेंस प्लेट वाली इस कार की कीमत कथित तौर पर लगभग ₹1.53 करोड़ आंकी गई है। हालांकि, कार के वेरिएंट के बारे में जानकारी न होने के कारण सटीक कीमत का पता नहीं चल पाया है।
एआर अमीन कौन हैं?
एआर रहमान के बेटे, एआर अमीन भी अपने परिवार की संगीत विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। वे एक पार्श्व गायक हैं। हाल ही में उन्होंने राम चरण की फिल्म पेद्दी’ के गाने “चिक्किरी चिक्किरी” के तमिल संस्करण को अपनी आवाज दी है। इसके अलावा, वे जसलीन रॉयल, दुलकर सलमान और मृणाल ठाकुर के साथ स्वतंत्र गीत “भीगी भीगी” में भी नजर आए हैं। (एजेंसी)

