Sat. Sep 5th, 2026

कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: भूपेश बघेल को असम की जिम्मेदारी, सुखदेव भगत बने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नए प्रभारी

रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने राज्य प्रभारियों और महासचिवों की सूची में व्यापक फेरबदल करते हुए कई राज्यों में नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी है। इस बड़े संगठनात्मक बदलाव में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अहम प्रभार दिया गया है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें असम का राष्ट्रीय महासचिव प्रभारी नियुक्त किया है। छत्तीसगढ़ में पांच वर्ष तक सरकार चलाने के प्रशासनिक और राजनीतिक अनुभव को देखते हुए बघेल को पूर्वोत्तर के इस महत्वपूर्ण राज्य में संगठन को धार देने का जिम्मा सौंपा गया है।

सुखदेव भगत संभालेंगे छत्तीसगढ़ का मोर्चा

इधर छत्तीसगढ़ कांग्रेस में भी नेतृत्व स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। झारखंड के वरिष्ठ नेता और लोहरदगा से लोकसभा सांसद सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। सुखदेव भगत ने 2024 के लोकसभा चुनाव में लोहरदगा (एसटी) सीट से जीत दर्ज की थी। सांगठनिक मामलों में गहरी पकड़ रखने वाले भगत अब राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकने का काम करेंगे।

सचिन पायलट को पंजाब, सुरजेवाला को गुजरात का प्रभार

अन्य राज्यों के प्रभारियों में भी अहम बदलाव किए गए हैं। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को पंजाब कांग्रेस का महासचिव प्रभारी बनाया गया है। वहीं रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात की कमान सौंपी गई है, साथ ही उनके पास कर्नाटक का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। इसके अलावा डॉ. सिरीवेला प्रसाद को महाराष्ट्र और पी.वी. मोहन को आंध्र प्रदेश का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।

मुकुल वासनिक का दायित्व बरकरार

फेरबदल के तहत हाईकमान ने जितेंद्र सिंह, रमेश चेन्निथला और मणिकम टैगोर को महासचिव/प्रभारी पद की जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया है। वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक पूर्व की तरह एआईसीसी महासचिव के पद पर अपनी सेवाएं देते रहेंगे। आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी रणनीतियों को ध्यान में रखकर पार्टी ने यह पुनर्गठन किया है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े