तिरुपति जा रही बस का भयानक एक्सीडेंट, अचानक बिगड़ा बैलेंस और सड़क से उतरकर पलटी
आंध्र प्रदेश: आंध्र प्रदेश के अन्नमय जिले से एक सड़क दुर्घटना का भयावह सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। सड़क के बीचों बीच चल रही एक यात्री बस सड़क के किनारे बने मिट्टी के ढेर से टकराकर अचानक पलट गई। यह घटना मंगलवार को हुई। मदनपल्ले से तिरुपति जा रही आंध्र प्रदेश राज्य परिवहन की एक बस वाल्मीकिपुरम जिले के वीरलम के पास पलट गई। इस हादसे में करीब 20 यात्री घायल हुए हैं।
सड़क किनारे पलटी यात्रियों से भरी बस
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें एक बस सड़क पर सुचारू रूप से चलती हुई अचानक कच्ची सड़क पर मुड़ जाती है और पलट जाती है। बताया जा रहा है कि टायर फटने के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से उतरकर कच्ची सड़क पर चली गई। दुर्घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमें बस सड़क के किनारे अचानक पलटती हुई दिखाई दे रही है।
बस एक्सीडेंट का सीसीटीवी वीडियो
इस हादसे में कथित तौर पर बीस यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल पास के सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए ले जाया गया।गनीमत ये रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई और न ही कोई गंभीर रूप से घायल हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बस पलटने का सटीक कारण जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगा। (एजेंसी)

